बरवाला। 18वीं पंजाब रेजिमेंट के शहीद कैप्टन रोहित कौशल का 31वां शहीदी दिवस बुधवार को सुबह 11 बजे उनके पैतृक गांव जलौली स्थित स्मारक पर श्रद्धापूर्वक मनाया जाएगा। इस अवसर पर भारतीय सेना की 16 सिख रेजिमेंट द्वारा गार्ड ऑफ ऑनर दिया जाएगा। वेस्टर्न कमांड, पंजाब रेजिमेंट, पंचकूला के मेयर, जिला प्रशासनिक अधिकारी, पूर्व सैनिक एवं क्षेत्र के लोग शहीद को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
शहीद की स्मृति में रक्तदान शिविर भी आयोजित किया जाएगा। इसमें गुरु राम राय स्पोर्ट्स क्लब जलौली, श्री शिव कांवड़ महोत्सव चैरिटेबल ट्रस्ट पंचकूला और महामाई मनसा देवी चैरिटेबल भंडारा कमेटी सहयोग करेंगे। वहीं, शहीद कैप्टन रोहित कौशल सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थी उनके जीवन और वीरता पर विशेष कार्यक्रम प्रस्तुत करेंगे।
कैप्टन रोहित कौशल 11 नवंबर 1995 को जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में आतंकवादियों से मुठभेड़ के दौरान शहीद हो गए थे। उनका जन्म 5 अगस्त 1968 को अंबाला कैंट में हुआ था। वे वीना शर्मा और एसएस कौशल के इकलौते पुत्र थे।