अमृतसर। राउड़केला की पुलिस ने लोकल पुलिस के साथ मिल कर मंगलवार को 20 वर्षीय युवती को छेहरटा इलाका से बरामद किया, जिसे गोहलवड़ गांव का बुजुर्ग दंपति अमृतसर घुमाने के झांसे देकर लाए थे। छेहरटा पुलिस ने गोहलवड़ गांव के दंपति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई के बाद राउड़केला की पुलिस युवती को अपने साथ लेकर रवाना हो गई।
छेहरटा थाना में तैनात एसआई गुरिंदर कौर ने बताया कि कुछ समय पहले ओडिसा से राउड़केला जिला के गांव प्लान सरने की अंजू महानंदी के रिश्तेदार सुरजीत कौर और उसका पति गुरमुख सिंह उन्हें मिलने आए थे। तीन अप्रैल को बुजुर्ग दंपति ने रेल के जरिए पंजाब लौटना था। इस दौरान आरोपी बुजुर्ग दंपति ने अंजू को उसकी 20 वर्षीय बेटी सोनाली महानंदी को अमृतसर घुमाने का आग्रह किया। दंपति की बातों को अंजू ने स्वीकार कर लिया।
पुलिस अधिकारी के मुताबिक उक्त बुजुर्ग दंपति उसकी बेटी को अपने साथ अमृतसर लेकर आए और छेहरटा में अपने घर में रहने लगे। 27 मई को सोनाली ने वापस लौटना था और इसके लिए उसकी रेल टिकट बुक करवानी थी। आरोपी युवती को तरनतारन के गोहलवड़ गांव में एक गुरुद्वारा में ले गए और वहां उसकी बेटी को एक अधेड़ से मिलवाया। बुजुर्ग दंपति की अधेड़ से बातों से सोनाली समझ गई कि उसकी शादी की बात हो रही है। सोनाली ने तुरंत अपने घर पर यह जानकारी दी। बेटी की जबरदस्ती शादी होने की भनक लगते ही परिवार ने राउरकेला पुलिस को शिकायत कर दी। राउरकेला पुलिस के एसआई अंजन कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम छेहरटा थाने पहुंची और युवती को बरामद कर लिया। पुलिस कार्रवाई की भनक लगते ही उक्त बुजुर्ग दंपति फरार हो गया।
फोटो-5