भगवंत सिंह, बसंत सिंह और कुलवंत सिंह रायोके ने दाखिल की याचिका
रजिस्ट्री में दाखिल की गई याचिका पर हाईकोर्ट में जल्द होगी सुनवाई
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। डिब्रूगढ़ जेल में बंद अमृतपाल सिंह के साथी गुरमीत सिंह भुक्कनवाला के बाद अब भगवंत सिंह उर्फ प्रधानमंत्री, कुलवंत सिंह रायोके और बसंत सिंह ने भी गिरफ्तारी के आदेशों को रद्द करने व नेशनल सिक्योरिटी एक्ट (एनएसए) के तहत कार्रवाई के खिलाफ पंजाब-हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका दाखिल की है। उनकी याचिका पर हाईकोर्ट में जल्द सुनवाई होगी।
तीनों ने याचिका में कहा है कि उन्हें अवैध तरीके से बंदी बनाया गया और डिब्रूगढ़ जेल में रखा गया है। उनके खिलाफ यह कार्रवाई कानूनी रूप से भी सही नहीं है। ऐसे में उन्हें जेल से रिहा करवाया जाए।
वारिस पंजाब दे संगठन के मुखिया अमृतपाल सिंह की गिरफ्तारी को लेकर 18 मार्च को पंजाब में एक मेगा ऑपरेशन शुरू किया गया था। इसके एक महीने बाद उसे 23 अप्रैल को मोगा के रोड़े गांव से गिरफ्तार किया गया था, लेकिन 18 मार्च को जिस दिन ऑपरेशन शुरू हुआ था, उसी दिन अमृतपाल के कई साथियों को गिरफ्तार कर उन पर एनएसए लगा उन्हें डिब्रूगढ़ जेल भेज दिया गया था।
तीनों याचिकाकर्ताओं को भी इसी क्रम में गिरफ्तार किया गया था। अब इन तीनों ने गिरफ्तारी के आदेश को रद्द करने और रिहा करने का आदेश देने की अपील की है। तीनों पर अमृतपाल सिंह का साथ देने और 23 फरवरी को अजनाला पुलिस थाने पर हुए हमले में शामिल होने का आरोप है।