चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह 14 मार्च को मोगा में रैली करने पहुंच रहे हैं। वे यहां भाजपा की बदलाव रैली के दौरान साल 2027 के विधानसभा चुनाव के मद्देनजर हुंकार भरेंगे। शाह की इस रैली के चलते आम आदमी पार्टी के वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने केंद्रीय गृह मंत्री से कई सवाल पूछे हैं।
वित्तमंत्री चीमा ने कहा कि केंद्र की भाजपा सरकार पिछले कई साल से पंजाब के साथ लगातार भेदभाव कर रही है। ऐसा क्यों किया जा रहा है इस बारे में गृहमंत्री को जरूर बताकर जाना चाहिए। केंद्र ने बार-बार जायज फंड रोके हैं और राज्य की आर्थिकता को कमजोर करने की कोशिश की है।
वित्तमंत्री ने कहा कि केंद्र ने रूरल डेवलपमेंट फंड (आरडीएफ) समेत कई स्कीमों के तहत पंजाब के हजारों करोड़ रुपये रोक रखे हैं। केंद्र से ग्रामीण विकास निधि, नेशनल हेल्थ मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना और प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत पंजाब के बकाया फंड जारी करने की मांग की गई थी मगर केंद्र ने किसी न किसी बहाने पेमेंट में लगातार देरी की है।