चंडीगढ़। शिरोमणि अकाली दल को पंजाब विधानसभा चुनाव में मिली हार पर मंथन के लिए दूसरे दिन भी बैठक जारी रही। इसमें सुखबीर सिंह बादल सहित पार्टी के दिग्गज नेताओं ने हिस्सा लिया। सभी ने हार के कारणों को जानने के लिए बनाई जाने वाली उच्च स्तरीय जांच समिति पर चर्चा की। बैठक में तय किया गया कि चुनाव में सामने आने वाली कमियों को दूर किया जाएगा। साथ ही पार्टी के बागियों को बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा।
इससे पहले चंडीगढ़ के पार्टी मुख्यालय में सोमवार को शिअद की कोर कमेटी की बैठक का आयोजन किया गया था। बैठक से पहले यह कयास लगाए जा रहे थे कि हार के लिए जिम्मेदार शिअद प्रधान सुखबीर बादल अपने पद से इस्तीफा दे देंगे। हालांकि सभी पार्टी नेताओं ने उनके नेतृत्व को लेकर उठने वाले सभी सवालों को खारिज करते हुए पार्टी प्रधान बने रहने का समर्थन किया, जिसके बाद बैठक में तय किया गया कि चुनाव में हार के कारणों का पता करने के लिए एक उच्च स्तरीय जांच समिति बनाई जाएगी।
कोर कमेटी की बैठक के दूसरे दिन भी चंडीगढ़ पार्टी मुख्यालय में सुखबीर बादल के नेतृत्व में पार्टी के बड़े नेता शामिल हुए। जहां उनके बीच हार के कारणों को जानने के लिए बनाई गई उच्च स्तरीय समिति के गठन को लेकर चर्चा हुई। तय किया गया कि चुनाव में हार के कारणों में बागियों का भी अहम स्थान रहा। अब पार्टी ऐसे नेताओं को चिह्नित कर बाहर का रास्ता दिखाएगी।