पंचकूला में सीसीटीवी कैमरे जरूर लग गए हैं, लेकिन यह महज दिखावा साबित हो रहे हैं। यही कारण है यहां ट्रिपल राइडिंग युवक धड़ल्ले से कर रहे हैं। हालात यह हैं कि पंचकूला के शहरी और ग्रामीण दोनों ही इलाकों में ट्रिपल राइडिंग सामान्य हो चुकी है।
बेशक मोटर वाहन अधिनियम के तहत ट्रिपल राइडिंग अपराध है, लेकिन लोगों की इसकी कोई चिंता नहीं है। पंचकूला में बाइक और स्कूटर पर तीन सवारियां सवार नजर आती हैं तो वहीं पंचकूला के गांव को रुख करते ही चार चार सवारियां तक बाइक पर नजर आती हैं।
ट्रिपल राइडर इतने शातिर हैं कि जहां पुलिस का खतरा होता है वहां से दूरी बनाकर ही निकल लेते हैं। ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक ट्रैफिक नियमों की जानकारी स्कूल और कालेज स्तर पर दी जाती है। पंचकूला पुलिस के एक अधिकारी का दावा है कि जागरूकता के लिए कैपेन चलाई जाती है। पंचकूला सेक्टर-5, सेक्टर-15, सेक्टर-8 पर तो बिना हेलमेट के बाइक सवार दिखाई दिए तो वहीं मोरनी की ओर जाने वाली सड़क पर बाइक सवार ट्रिपल राइडिंग करते हुए दिखे।
रोजाना लगाए जाते हैं नाके
पंचकूला पुलिस के डीसीपी अनिल धवन ने कहा कि पंचकूला में बाइक सवारों के लिए नाके लगातार लगाए जाते हैं। सेक्टर-14 और इंडस्ट्रियल एरिया के पास तकरीबन रोजाना नाका लगाया जाता है और उसी तरह चंडीगढ़ से पंचकूूला के इंट्री प्वाइंट पर भी नाके लगाए जाते हैं। अनिल धवन ने कहा कि ट्रिपल राइडिंग और बिना हेलमेट बाइक चलाने वालों का चालान लगातार किया जाता है, इसके साथ ही गाड़ियों को इंपाउंड भी करते हैं।
रेजीडेंट्स करेंगे इसके लिए जागरूक
पंचकूला सेक्टर-12 रेजीडेंट वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राकेश अग्रवाल ने कहा कि पंचकूला में ट्रेफिक नियमों की ज्यादा धज्जियां उड़ती हैं। उन्होंने कहा उनकी एसोसिएशन ट्रिपल राइडिंग और हेलमेट को लेकर सेक्टर के लोगों को जागरूक करेगी। राकेश अग्रवाल ने कहा कि स्कूलों में ट्रैफिक नियमों की जानकारी देने के लिए उनकी एसोसिएशन ने एक लेटर भी लिखा है।