सोलर पावर प्रोजेक्टों की महंगी दरों का प्रभाव राज्य के लोगों पर पड़ने के कारण पंजाब के नवीन एवं नवीकरणीय ऊर्जा स्रोत मंत्री राज कुमार वेरका ने विभाग के अधिकारियों को हिदायत दी है कि सोलर पावर प्रोजेक्टों के बिजली खरीद समझौतों (पीपीए) की दरों को घटाने के लिए ठोस कानूनी कार्रवाई की जाए और दरों को घटाने के लिए ठोस कार्यप्रणाली तुरंत आरंभ की जाए।
शनिवार को इस संबंध में बैठक की अध्यक्षता करते हुए वेरका ने महंगी बिजली दरों को घटाने की जरूरत पर जोर देते हुए कहा कि राज्य सरकार की ओर से महंगी बिजली खरीद दरों को घटाने के लिए विधानसभा में कानून लाने की संभावना समेत सभी तरीकों पर विचार किया जा रहा है, क्योंकि बिजली संबंधी कानून में बदलाव राज्य के अधिकार का विषय है। बैठक के दौरान एचएस हंसपाल चेयरमैन पेडा, वेनू प्रसाद चेयरमैन-कम-मैनेजिंग डायरेक्टर पीएसपीसीएल, केपी सिन्हा प्रमुख सचिव बिजली और एनआरईएस विभाग, एनपीएस रंधावा मुख्य कार्यकारी अधिकारी पेडा, एमपी सिंह डायरेक्टर पेडा, परमजीत सिंह डायरेक्टर जेनरेशन पीएसपीसीएल और मनजीत सिंह एसई पीएसपीसीएल शामिल थे।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि करीब 7-8 साल पहले तीन चरणों में पीपीए पर हस्ताक्षर किए गए थे, जब राष्ट्रीय स्तर पर सौर ऊर्जा की कीमत आज के तुलनात्मक आधार पर बहुत ज्यादा थी, इसलिए इन दरों में कटौती की संभावना की तरफ ध्यान देने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि अब जब मौजूदा समय में सौर ऊर्जा की लागत बहुत कम है तब भी पीएसपीसीएल द्वारा महंगी दरों की अदायगी की जा रही है, जो सरासर गलत है।