पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने मंगलवार को शहर के सेक्टर-32 से अतिक्रमण हटाया। अलग-अलग जगह बनाई गई 100 से ज्यादा झुग्गियों का हटाया गया। इस दौरान टीम के साथ पुलिस बल भी तैनात रहा। शाम को टीम अतिक्रमण हटाने के लिए सेक्टर-32 पहुंची। सुपरवाइजर मान सिंह ने बताया कि इस्टेट ऑफिसर राकेश संधू के नेतृत्व में प्राधिकरण की टीम सुबह 10 बजे सेक्टर-32 पहुंची। उसके बाद वहां बनाई गई झुग्गियों को हटाना शुरू कर दिया। इस मौके पर उनके साथ एसडीओ जेएस बेनीवाल, पटवारी राकेश सैनी और जेई हरजीत भी मौजूद रहे।
ईओ राकेश संधू ने कहा कि शहर के सेक्टरों में कई जगह अवैध झुग्गियां बनाई गई हैं। ये अतिक्रमण के साथ-साथ शहर की सुंदरता पर दाग भी हैं। इसलिए हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण द्वारा लगातार निगरानी रखी जाती है। शहर में जहां भी अतिक्रमण होता है, वहां टीम भेजकर अतिक्रमण हटवा दिया जाता है। उन्होंने बताया कि मंगलवार देश शाम को शहर के सेक्टर-9 में भी प्राधिकरण की टीम की कार्रवाई जारी रही। अतिक्रमण हटाने का यह अभियान लगातार जारी रहेगा।