फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

कार्रवाई : नशे के खिलाफ गृहमंत्री हुए सख्त, एक घंटे में 48 जगह छापा, एक गिरफ्तार, बंद कराए हुक्का बार, पुलिस ने 10 से अधिक टीमें बनाकर पंचकूला, मोरनी, बरवाला, रायपुररानी में एक साथ दी दबिश

विज्ञापन
विज्ञापन
पंचकूला। जिले में धड़ल्ले से चल रहे अवैध हुक्का बार और नशे के कारोबार के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर सोमवार को कांग्रेसी पार्षदों का दल प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन के नेतृत्व में प्रदेश के गृहमंत्री अनिल विज से अंबाला निवास पर मिला। शिकायत मिलते ही गृहमंत्री अनिल विज एक्शन मोड में आ गए। उन्होंने कमिश्नर ऑफ पुलिस सौरभ सिंह को फोन मिलाकर आदेश दिया कि एक घंटे के अंदर अवैध हुक्का बार और नशे का कारोबार बंद करवाएं।
विज्ञापन

इतना ही नहीं उन्होंने कहा कि इस कार्रवाई की रिपोर्टर मैसेज या फिर पत्राचार के जरिए दें। सीपी के आदेश के बाद पंचकूला पुलिस हरकत में आई और 48 हुक्का बारों पर दबिश दी। इस कार्रवाई के दौरान एक के खिलाफ केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया है। पुलिस की इस कार्रवाई से नशा कारोबारियों और हुक्का बार संचालकों में हड़कंप मच गया। जैसे की पुलिस के दबिश की सूचना हुक्का बार संचालकों और नशा कारोबारियों को लगी सब अड्डा छोड़कर भाग खड़े हुए।
पंचकूला पुलिस ने जिले में कार्रवाई करने से पहले 10 से अधिक टीमों का गठन किया। इस पूरे मामले को गुप्त रखा गया। इसके बाद पंचकूला, मोरनी, बरवाला, रायपुररानी में स्थित हुक्का बार और नशे के अड्डों पर एक साथ दबिश दी गई। इसके अलावा अन्य पुलिस अधिकारियों ने शहर के होटल, रेस्टोरेंट, ढाबा को भी चेक किया। हालांकि यहां पुलिस के हाथ कुछ नहीं लगा। दबिश केे दौरान सेक्टर-5 के वैदा हुक्का बार खुला मिला। इस पर पुलिस ने आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत कार्रवाई कर शिवम पाठक को गिरफ्तार कर लिया। वहीं, डीसीपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया कि यदि कहीं पर हुक्का बार खुला मिला तो सख्त कार्रवाई की जाए।
विज्ञापन

इन लोगों ने की मुलाकात
नशे के कारोबार पर प्रतिबंध लगाने की मांग को लेकर पूर्व उपमुख्यमंत्री चंद्रमोहन के साथ पार्षद पंकज वाल्मीकि, पार्षद ऊषा रानी, पार्षद गुरमेल कौर, पार्षद संदीप सोही, पार्षद अक्षयदीप चौधरी, पार्षद गौतम प्रसाद, पार्षद सलीम दबकौरी, पूर्व पार्षद रविकांत स्वामी, एडवोकेट विजय बंसल, दीपांशु बंसल, शशि शर्मा, रविंद्र रावल, डॉ. राम प्रसाद, एडवोकेट अमन दत्त शर्मा, सुषमा खन्ना, प्रियंका हुड्डा, हेमंत किंगर ने गृहमंत्री से शिकायत की थी।
हाईकोर्ट के आदेश का भी नहीं हो रहा पालन
हाईकोर्ट के आदेश का भी पुलिस प्रशासन पालन नहीं कर रहा है। यही कारण है कि शहर में हुक्का बार और नशे का कारोबार बिना किसी कार्रवाई के डर से चल रहा है। दीपांशु बंसल ने आरोप लगाया है कि स्थानीय पुलिस प्रशासन व ड्रग्स विभाग के अधिकारियों की मिलीभगत से पंचकूला में 3 दर्जन से ज्यादा हुक्का बार अवैध रूप से चल रहे हैं। पंजाब हरियाणा हाईकोर्ट द्वारा बैन रखने के आदेश के बाद भी नशा कारोबार पर कोई पाबंदी नहीं है। अनेकों अवैध हुक्का बारों में युवाओं को फ्लेवर्ड हुक्के का सेवन करवाया जा रहा है। वहीं, चंडीगढ़ में हुक्का बार पर शिकंजा कसा जा रहा है।
हाईकोर्ट द्वारा बर्निंग ब्रेन सोसायटी के केस में परमानेंट टास्क फोर्स बनाने के आदेश दिए गए थे, लेकिन आरटीआई में प्राप्त जानकारी के अनुसार एसटीएफ टीम ने भी कोई कार्रवाई नहीं की। अवैध हुक्का बार की रोकथाम के लिए विशेष फोर्स बनाकर दोषी व लिप्त अधिकारियों के खिलाफ विजिलेंस जांच की जानी चाहिए। इसके साथ ही स्थायी हल के लिए भी कोई योजना बनाई जाए। कोरोना के मद्देनजर भी बचाव के लिए हुक्का बार्स को प्रियॉरिटी पर बंद किया जाए।
पंचकूला शहर में चल रहा नशे का कारोबार
शहर के राजीव कालोनी, इंदिरा कालोनी, बुढ़नपुर, खड़क मंगोली, अभयपुर, आशियाना, सेक्टर-20 आशियाना, सेक्टर-26 और सेक्टर-28 में नशे का कारोबार चल रहा है। ऐसा नहीं है कि पुलिस अधिकारियों को इसकी सूचना नहीं है, लेकिन अधिकारी कार्रवाई करने की जहमत नहीं उठा रहे हैं। यही कारण है कि राजीव-इंदिरा कॉलोनी, जोकि सेक्टर-16 चौकी के बिल्कुल सामने है। इसके बाद भी यहां नशा बिकता है। इस मामले की वार्ड नंबर-7 की पार्षद ऊषा रानी कई बार विधानसभा स्पीकर ज्ञानचंद गुप्ता, डीजीपी मनोज यादव, पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा को लिखित शिकायत देकर वार्ड को नशा मुक्त करने की मांग कर चुकी हैं। लेकिन आश्वासन के सिवाय आजतक कुछ नहीं हुआ।
सूचना हुई लीक, कूड़ेदान तक खाली करवाए
पुलिस कमिश्नर ने जैसे ही हुक्का बार और नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के आदेश जारी किए यह सूचना लीक हो गई। यही कारण है कि शहर के अधिकांश हुक्का बार संचालक और नशा कारोबारी अड्डा छोड़कर भाग निकले। इतना ही नहीं जहां पर पुलिस ने दबिश देकर जांच की वहां भी कुछ खास हाथ नहीं लगा। क्योंकि हुक्का बार संचालकों ने पुलिस के पहुंचने से पहले ही सब कुछ हटा दिया था। सूचना ये भी मिली है कि संचालकों ने बार में रखे कूड़ेदान तक साफ करवा दिए थे।
जिले में संचालित हुक्का बारों की सूची
1. द मिस्ट सेक्टर 9 पंचकूला।
2. द ब्लिसचंडीमंदिर।
3. स्विस लॉन्ज पंचकूला।
4. द स्टेज सेक्टर 9 पंचकूला।
5. हाइवे फ्लेवर्ज चंडीमंदिर।
6. ब्रू इस्टेट सेक्टर 8 पंचकूला।
7. चिकि मंकी सेक्टर 8 पंचकूला।
8. द इस्केप सेक्टर 5 पंचकूला।
9. दफ्तर कैफे सेक्टर 3 पंचकूला।
10. फ्रेंड्स हट जीरकपुर शिमला हाईवे पिंजौर।
11. चील आउट पिंजौर।
12. बैकयार्ड कैफे सेक्टर 11 पंचकूला।
13. द लोकल सेक्टर 14 पंचकूला।
14. सर्कल सेक्टर 5 पंचकूला।
15. निर्वाणा कैफे चंडीमंदिर।
16. कौशल्या रिवर व्यू रिसोर्ट पिंजौर।
17. चुगली कैफे सेक्टर 5 पंचकूला।
18. रॉयल गजीबो जीरकपुर शिमला हाईवे पिंजौर।
19. डिस्ट्रिक्ट्स सेक्टर 5 पंचकूला।
20. स्काई लॉन्ज सेक्टर 14 पंचकूला।
जिले में अवैध रूप से चल रहे हुक्का बार और नशा कारोबारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के आदेश दिए हैं। पुलिस अधिकारियों ने टीम बनाकर जिले में 48 हुक्का बार पर दबिश देकर जांच की है। एक हुक्का बार संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार भी कर लिया गया है। वहीं, नशा कारोबारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए लगातार दबिश देने के आदेश दिए हैं। जिले में किसी भी सूरत में नशे का कारोबार नहीं होने देंगे। - मोहित हांडा, पुलिस उपायुक्त, पंचकूला
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें