सेक्टर-1 में करोड़ों की जमीन पर बनी झुग्गियों को हटाता एचएसवीपी का बुल्डोजर।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण ने सोमवार को अतिक्रमण के खिलाफ युद्धस्तर पर अभियान चलाने के साथ ही रेहड़ी-फड़ी संचालकों पर भी कार्रवाई की। इसके अंतर्गत सबसे पहले सेक्टर-1 स्थित पेट्रोल पंप के पीछे करोड़ों की जमीन पर अवैध रूप से काबिज लोगों को हटाया गया। यहां बनी झोपड़ियों को हटाने के लिए विभागीय अधिकारियों ने बुल्डोजर का सहारा लिया। लोगों ने विरोध करने की कोशिश की, लेकिन भारी संख्या में तैनात पुलिस के जवानों ने उनको पीछे खदेड़ दिया। अभियान का नेतृत्व विभाग की संपदा अधिकारी ममता शर्मा ने किया।
सेक्टर-1 में सरकारी जमीन को कब्जा मुक्त करवाने पहुंची टीम का लोगों ने विरोध किया। संपदा अधिकारी ममता शर्मा ने कब्जाधारियों को कड़ी चेतावनी दी कि शहर में किसी भी सूरत में अवैध कब्जा नहीं होने देंगी। उन्होंने टीम में शामिल अधिकारियों और कर्मचारियों को आदेश दिया कि यदि कोई भी व्यक्ति दोबारा से काबिज होने की कोशिश करे तो उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई के लिए पुलिस को शिकायत दें। उन्होंने यह भी कहा कि शहर की मार्केट में एक भी अवैध रेहड़ी-फड़ी नजर नहीं आनी चाहिए। इसके लिए व्यापक स्तर पर अभियान चलाकर कार्रवाई करें। सेक्टर-1 में करीब 40 से 50 झुग्गी-झोपड़ियों को करीब एक घंटे की कार्रवाई के दौरान तोड़ दिया गया। ममता शर्मा ने कहा कि अतिक्रमण हटाओ अभियान लगातार जारी रहेगा।
अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने यहां की कार्रवाई
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण की संपदा अधिकारी के आदेश के बाद अतिक्रमण हटाओ दस्ते ने सेक्टर-1, सेक्टर-7, सेक्टर-9, सेक्टर-14, सेक्टर-20 और सेक्टर-15 में अवैध रूप से लगी रेहड़ी-फड़ियों को जब्त करने की कार्रवाई की। इस दौरान कर्मचारियों ने बड़ी संख्या में चालान भी काटे। विभाग के सुपरवाइजर मान सिंह ने बताया कि संपदा अधिकारी के आदेश पर शहर में रेहड़ी-फड़ी वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। वह टीम के साथ सेक्टरों में लगातार गश्त कर रहे हैं और जहां भी अवैध रेहड़ी फड़ी दिखती है उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
टीम के जाते ही फिर काबिज हुए रेहड़ी-फड़ी संचालक
नगर निगम दस्ते की कार्रवाई मात्र दिखावा साबित हो रही है। टीम के सदस्य जिस भी सेक्टर में पहुंचते हैं वहां से रेहड़ी फड़ी वाले गायब हो जाते हैं। जैसे ही टीम उस सेक्टर से जाती है वे दोबारा से काबिज हो जाते हैं। सेक्टर-9 मार्केट में स्थित डिस्पेंसरी की दीवार के साथ सड़क पर ही फ्रूट की रेहड़ी लगती है। इससे लोगों को जाम का सामना करना पड़ता है। लोगों की शिकायत पर निगम की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन वह रेहड़ी लेकर गायब हो गया। टीम के जाते ही रेहड़ी संचालक ने फिर से कारोबार शुरू कर दिया।