अमृतसर। ब्यास थाना के तहत आने वाले एक गांव की महिला सरपंच के पति की ओर से अपनी विवाहित पड़ोसन से जबरदस्ती किए जाने के मामले में पंजाब राज्य एससी कमीशन ने रिपोर्ट तलब की है। पीड़िता की ओर से कमीशन को पत्र लिखकर इंसाफ की गुहार लगाए जाने के बाद एसएसपी देहाती को 10 जुलाई तक मामले की रिपोर्ट देने को कहा है।
गांव की विवाहिता ने एससी कमीशन के सदस्य डॉ. तरसेम सिंह सियालका को लिखित शिकायत भेजी थी। जिसमें उसने पड़ोस में रह रही महिला सरपंच के पति पर जबरदस्ती करने के आरोप लगाए थे। शिकायत में यह भी कहा था कि आरोपी ने उसका कुर्ता फाड़कर उसकी बेइज्जती कर मारपीट की। कमीशन के सदस्य डॉ. सियालका ने बताया कि कमीशन ने पीड़िता की सुनवाई के लिए शिकायत एसएसपी देहाती को भेज दी है। सियालका ने बताया कि एसएसपी को शिकायत में उचित निपटारा करने के बाद 10 जुलाई तक मामले की स्टेटस रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।