पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के कुछ ही घंटों में दबोचा, एक मोबाइल बरामद
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। सेक्टर-6 स्थित नागरिक अस्पताल से मरीज के दो मोबाइल फोन चोरी करने वाले आरोपी को पुलिस ने शिकायत दर्ज होने के महज चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक चोरी का मोबाइल फोन बरामद कर लिया है, जबकि दूसरे मोबाइल और अन्य संभावित चोरी की वारदातों का पता लगाने के लिए आरोपी को एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है।
पुलिस के अनुसार, जिला हमीरपुर (हिमाचल प्रदेश) निवासी एक व्यक्ति ने थाना सेक्टर-7 में शिकायत दी थी कि वह 29 जून को अपनी पत्नी के इलाज के लिए सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में आया था। इस दौरान उसने अपने वीवो और रेडमी कंपनी के दो मोबाइल फोन अस्पताल के बेड पर रखे थे। कुछ देर बाद दोनों फोन गायब मिले। काफी तलाश के बाद भी मोबाइल नहीं मिलने पर उसने 2 जुलाई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि शिकायत मिलते ही थाना सेक्टर-7 पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर कार्रवाई करते हुए चंडीगढ़ में किराये पर रह रहे लखनऊ निवासी राहुल कुमार को मात्र चार घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। उसके कब्जे से एक चोरी का मोबाइल बरामद कर लिया गया है। आरोपी को शुक्रवार को अदालत में पेश कर एक दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया है। जांच अधिकारी एएसआई हरपाल सिंह रिमांड के दौरान दूसरे मोबाइल फोन की बरामदगी के साथ-साथ यह भी पता लगाएंगे कि आरोपी ने अस्पताल या अन्य स्थानों पर इसी तरह की चोरी की और कितनी वारदातों को अंजाम दिया है।