संवाद न्यूज एजेंसी
फिरोजपुर। पुलिस ने ममदोट के सीमावर्ती गांव कड़मा से आधा किलो हेरोइन के साथ तस्कर को काबू किया है। ये हेरोइन पाकिस्तान से आई थी। थाना ममदोट पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है। आरोपी की पहचान ममदोट के गांव जल्लोके निवासी मनप्रीत सिंह के रूप में हुई है।
थाना ममदोट पुलिस की टीम गांव कड़मा में गश्त कर रही थी। इस दौरान मुखबिर ने सूचना दी कि एक युवक हेरोइन बेचता है। इस समय आरोपी गांव के श्मशान घाट पर बैठा ग्राहक का इंतजार कर रहा है। पुलिस ने बताई हुई जगह पर दबिश देकर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से आधा किलो 13 ग्राम हेरोइन बरामद की गई। उक्त हेरोइन पाकिस्तान से मंगवाई गई थी। थाना ममदोट पुलिस मामला दर्ज कर आरोपी के नेटवर्क का पता लगाने की कोशिश कर रही है।