क्राइम ब्रांच की कार्रवाई, रिमांड के बाद भेजा जेल
संवाद न्यूज एजेंसी
चंडीमंदिर। चंडीमंदिर थाना क्षेत्र के गांव अलीपुर में घर में घुसकर जेवरात और नकदी चोरी करने के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। क्राइम ब्रांच सेक्टर-19 की टीम ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी किया गया सामान भी बरामद कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान रामशरण उर्फ सन्नी निवासी अलीपुर इंडस्ट्रियल एरिया के रूप में हुई है। एसीपी क्राइम अरविंद कंबोज ने बताया कि 25 अप्रैल को रणजीत सिंह ने शिकायत दर्ज कराई थी कि देर रात अज्ञात व्यक्ति उनके घर में घुसकर सोने-चांदी के आभूषण और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गया।
मामले की जांच के लिए क्राइम ब्रांच इंचार्ज मुकेश सैनी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और गहन जांच के आधार पर 3 मई को आरोपी को गिरफ्तार किया।
आरोपी के कब्जे से मंगलसूत्र, झुमके, अंगूठी, चांदी के कंगन, पायल और नकदी बरामद की गई है। डीसीपी क्राइम एंड ट्रैफिक अमरिंदर सिंह के अनुसार आरोपी को अदालत में पेश कर दो दिन के पुलिस रिमांड पर लिया गया था। पूछताछ में उसकी निशानदेही पर जेवरात और 10 हजार रुपये नकद बरामद हुए।
रिमांड अवधि पूरी होने के बाद आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।