पंचकूला में नेशनल हाईवे-21 पर शुक्रवार सुबह अज्ञात वाहन की चपेट में आने से नवविवाहिता की मौत हो गई। मृतका की पहचान हेमलता (22) निवासी कालका के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
हेमलता मूलरूप से बिजनौर की रहने वाली थी। 19 अप्रैल को उसकी शादी हुई थी। शादी के बाद वह कालका में रहने लगी। शुक्रवार सुबह साढ़े आठ बजे वह भाई के साथ कालका बस स्टैंड से बस से बिजनौर मायके के लिए रवाना हुई। पिंजौर पहुंचने पर उसकी तबीयत खराब हो गई और उसे उल्टी होने लगी।
इस कारण वह और उसका भाई पिंजौर टोल प्लाजा पर बस से उतर गए। इसके बाद हेमलता को सड़क के किनारे खड़ा करके भाई पानी लेने चला गया। भाई के जाने के बाद हेमलता ने सड़क को पार करने की कोशिश की। इसी दौरान वह तेज रफ्तार कैंटर की चपेट में आ गई और सिर में चोट लगने के कारण लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गई।
सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस हेमलता को जनरल अस्पताल लेकर गई। जहां डाक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। चंडीमंदिर थाना के जांच अधिकारी एएसआई जनक राज ने बताया कि पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।