छह माह पहले भी कॉपर पाइप और वायर ले गए थे चोर
संवाद न्यूज एजेंसी
कालका। कालका के रेलवे रोड स्थित दुकानों में चोरी की एक और वारदात सामने आई है। चोर चार दुकानों के एसी कंप्रेसर उड़ा ले गए। इससे पहले करीब छह महीने पूर्व भी देर रात आठ दुकानों के एसी से कॉपर पाइप और वायर चोरी कर लिए गए थे।
दीप मेडिकल स्टोर के संचालक ने एसी की सफाई के लिए मैकेनिक बुलाया था। मैकेनिक जब छत पर पहुंचा तो एसी के भीतर कंप्रेसर गायब मिला। इसके बाद आसपास की दुकानों की जांच की गई तो वहां भी कंप्रेसर चोरी पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही दुकानदारों ने कालका पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कराई।
व्यापारियों ने बताया कि दुकानों के पीछे ही एसडीएम कार्यालय स्थित है। उनका कहना है कि मुख्य सड़क की ओर से किसी के लिए अंदर घुसना आसान नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि चोर संभवतः एसडीएम कोर्ट परिसर की ओर से अंदर आए होंगे। व्यापारियों ने सवाल उठाया कि जब मुख्य सड़क पर बनी दुकानों की सुरक्षा ही सुनिश्चित नहीं है तो आम लोगों के घरों की सुरक्षा कैसे होगी।
दुकानदार योगी, हनी, जोनी, शॉप एन शॉप, दीप मेडिकोज, लक्की शूज, सुनील गारमेंट्स, नागेश एंटरप्राइजेज, मोहित, मोहित गुप्ता, रोहित, मुकेश अरोड़ा, राजीव अरोड़ा, राहुल, अक्षय, रोहित अक्षय, सुमित, सोनू, अमित और संदीप ने घटना पर रोष जताया। व्यापारियों ने पुलिस से मांग की है कि आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर रेलवे रोड पर नियमित गश्त बढ़ाई जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।