पंचकूला। मनी लॉन्ड्रिंग और कथित बैंक धोखाधड़ी मामले में गिरफ्तार आम आदमी पार्टी (आप) नेता दीपक सिंगला को मंगलवार को पंचकूला की विशेष अदालत में पेश किया। ईडी कोर्ट के जज अवकाश पर होने से मामले की सुनवाई दूसरी अदालत में हुई, जहां से उन्हें एक दिन की न्यायिक हिरासत में भेज दिया। अब मामले में बुधवार को दोबारा सुनवाई होगी।
प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने अदालत से दीपक सिंगला का 10 दिन का रिमांड मांगा था, लेकिन जज की अनुपस्थिति के कारण रिमांड याचिका पर सुनवाई नहीं हो सकी। अब अगली सुनवाई में रिमांड पर फैसला लिया जाएगा। ईडी ने जांच के तहत सोमवार को दिल्ली, गोवा और चंडीगढ़ समेत कई स्थानों पर छापेमारी की थी। संवाद