संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। आर्म्स लाइसेंस की फाइल साइन करवाने पहुंचे गन हाउस के मालिक ने एसीपी लाइसेंसिंग को धमकी दी डाली। वह अपने किसी साथी की फाइल लेकर एसीपी के पास पहुंचा था। जब मुलाजिमों ने उसे कुछ समय इंतजार करने को कहा, तो वह दुर्व्यहार करने लगा। इसके बाद एसीपी के पास पहुंच उन्हें धमकियां देने लगा। वह बिना प्रार्थी के ही फाइल साइन करवाने के लिए पहुंचा था। उसने पंजाब एंड हरियाणा हाईकोर्ट में जाने तक की धमकी दी। एसीपी लाइसेंसिंग राजेश शर्मा ने इसकी शिकायत डिवीजन पांच में कर दी। पुलिस ने हैबोवाल कलां के सुदर्शन शर्मा के खिलाफ मामला दर्ज किया है।
एसीपी राजेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि सात मई की दोपहर करीब डेढ़ बजे वे दफ्तर में बैठे थे। इसी दौरान अक्षित गन हाउस का मालिक सुदर्शन शर्मा दफ्तर के बाहर आर्म्स लाइसेंस की फाइल लेकर आया था। आरोपी ने अर्दली के हाथ अपने कार्ड भेजा और मिलने की इच्छा जताई। जब उसे कुछ समय बाहर इंतजार करने के लिए कहा, तो आरोपी शोर मचाने लगा। इस पर उन्होंने उसे अंदर बुला लिया। आरोपी एक फाइल पर साइन करने के लिए कहने लगा। उन्होंने उसे कहा कि बिना आवेदक के फाइल पर वे साइन नहीं करेंगे। आरोपी बहस करने लगा। आरोपी ने उनके रीडर के सामने चिल्लाना शुरु कर दिया। कहने लगा कि वे जानबूझ कर उसकी फाइल साइन नहीं कर रहे। आरोपी ने धमकी दी कि फाइल पर साइन नहीं किए तो वह उनके खिलाफ पंजाब और हरियाणा हाईकोर्ट में रिट दायर करेगा। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ सरकारी ड्यूटी में बाधा डालने और धमकियां देने के आरोप में मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।