चंडीगढ़। रात्रि कर्फ्यू के बावजूद शहर की सड़कों पर तेज रफ्तार में गाड़ियां फर्राटे भर रही हैं। रविवार रात करीब 11.30 बजे सेक्टर 8/9/17/18 प्रेस लाइट प्वाइंट के पास ऐसी ही दो कारों में जबरदस्त टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि एक कार के परखच्चे उड़ गए जबकि दूसरी का टायर फट गया।
कारों में सवार फतेहगढ़ साहिब निवासी कंवर प्रताप सिंह (19), फरीदकोट निवासी दिलजोत सिंह (30), दीप इंदर सिंह (27), हरिंदर सिंह (30) और कांग्रेसी नेता राहुल सिद्धू (45) बुरी तरह घायल हो गए। उनकी हालत गंभीर बनी है, इसलिए उन्हें पीजीआई रेफर किया गया है। जबकि अन्य युवक जीएमएसएच-16 में भर्ती हैं। पुलिस ने बताया कि हादसे की सूचना के बाद जब पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे तो सेक्टर-8 मध्यमार्ग पर स्कोडा (पीबी 10 इ एक्स4621) के परखच्चे उड़े पड़े थे और गाड़ी का टायर बाहर निकला हुआ था जबकि करीब 50 मीटर आगे स्लिप रोड के डिवाइडर पर फॉर्च्यूनर (पीबी 10डी डब्ल्यू 3000) क्षतिग्रस्त थी। उसका पिछला टायर फटा हुआ था।
लुधियाना नंबर की कारों में सवार युवक कराह रहे थे। उन्हें निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने आशंका जताई है कि दोनों कारें हाउसिंग बोर्ड चौक की तरफ जा रही थीं। खबर लिखे जाने घायलों के बयान दर्ज नहीं हो सके थे।