कैंसर पीड़ित व्यक्ति का पैर काटने की नौबत, पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। इंडस्ट्रियल एरिया बैरियर के पास तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार दंपती को टक्कर मार दी। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल पति पहले से कैंसर से पीड़ित है और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर-20 थाना पुलिस को दी शिकायत में शिल्पा जिंदल ने बताया कि 29 अप्रैल की शाम वह अपने पति अनुज जिंदल के साथ बाइक पर बलटाना से प्रिंटिंग का सामान लेकर लौट रही थीं। उनके पति का सेक्टर-32 स्थित सरकारी अस्पताल में कैंसर का इलाज चल रहा है।
शिकायत के अनुसार पंचकूला बैरियर के पास दोनों पानी पीने के लिए बाइक सड़क किनारे सफेद लाइन के अंदर खड़ी कर रुके थे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कार ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में दोनों सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने दोनों को पीसीआर वाहन से सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया गया।
पीड़िता ने बताया कि उनके पति की हालत बेहद गंभीर है और डॉक्टरों ने उनका पैर बचा पाना मुश्किल बताया है। वहीं शिल्पा जिंदल का उपचार सेक्टर-16 अस्पताल में किया गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।