पंचकूला। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी की पूर्व संध्या पर मंगलवार को श्रीसनातन धर्म केंद्रीय परिषद पंचकूला के तत्वावधान में शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा दोपहर 3 बजे सेक्टर-6 के श्री लक्ष्मी नारायण मंदिर से शुरू होकर विभिन्न सेक्टरों से हाेते हुए सेक्टर- 4 राधा मंदिर माधव में संपन्न हुई। इस मौके पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। शोभायात्रा की शुरुआत पुष्पवर्षा के साथ हुई। इसके पीछे चंडीगढ़ के प्रसिद्ध शास्त्री बैंड ने भगवान श्रीकृष्ण के भजनों की मधुर धुनों से वातावरण को भक्तिमय बना दिया।
शोभायात्रा में पीली पोशाक में सजे घुड़सवार त्रिशूल हाथ में लिए आकर्षण का केंद्र बने हुए थे। इसके पश्चात भगवान श्रीकृष्ण की मनमोहक झांकी निकाली गई, जिसे देखकर हर सेक्टर में श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। इस अवसर पर आरसी गुप्ता, विक्रम भोज्या, विजय धीर, आरबी पाहुजा, ओपी गुप्ता, बलवंत भारद्वाज, एसके शर्मा, राहुल शर्मा, लाजपत राय, सतपाल गोयल, विजय कौशिक, विपिन सहगल, कृष्ण नय्यर, राज बंसल, टीआर. शर्मा, हरीश खन्ना, एमके शर्मा, संजीव भसीन और बीएन भट्ट सहित अनेक गण्यमान्य लोग उपस्थित रहे।