संवाद न्यूज एजेंसी
जालंधर। जालंधर देहात के इलाके भोगपुर के साथ सट्टे गांव जमालपुर के एक खेत से मिसाइल का एक टुकड़ा बरामद हुआ है। मक्की के खेत में जब एक किसान फसल को देखने के लिए पहुंचा तो उसे वहीं पर मिसाइल का टुकड़ा पड़ा मिला।
मिसाइल का टुकड़ा मिलते ही किसान अमरजीत सिंह ने मामले की जानकारी तुरंत थाना भोगपुर पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस की टीम जांच के लिए किसान के खेत में पहुंची व इसकी सूचना आदमपुर एयरबेस के अधिकारियों को दी गई।
क्राइम सीन पर जांच के लिए पहुंचे थाना भोगपुर के एसएचओ रविंदर पाल सिंह ने मामले की जानकारी तुरंत सेना के साथ साझा कर दी थी। इसके बाद जांच के लिए भारतीय सेना की एक टुकड़ी आदमपुर एयरबेस से जांच के लिए भोगपुर के गांव जमालपुर पहुंच गई। सेना के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जब मिसाइल के टुकड़े की जांच की तो उसमें किसी प्रकार की ज्वलनशील व धमाका करने वाली वस्तु नहीं मिली। इसके बाद भारतीय सेना के अधिकारी उक्त मिसाइल के टुकड़े को कब्जे में लेकर वहां से रवाना हो गए।
थाना एसएचओ रविंदरपाल सिंह ने कहा कि मई माह में पाकिस्तान की तरफ से दागी गई मिसाइलों को भारतीय फौज ने हवा में ही नष्ट कर दिया था। ऐसे में यह मिसाइल का टुकड़ा भी उस समय नष्ट की गई मिसाइलों में से ही किसी एक का हिस्सा हो सकता है, जोकि यहां मक्की के खेत में गिरा हुआ था। सेना के अधिकारियों ने उसे कब्जे में ले लिया है व किसी भी तरह से खतरे की कोई बात नहीं है।