पंचकूला। नवजात की मौत के एक महीने बाद भी सेक्टर-6 सिविल अस्पताल में पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। नवजात के शव को रख दिया गया है। अभी तक इस मामले में पंचकूला पुलिस की ओर से बिहार का केस होने की बात कहकर उसका पोस्टमार्टम नहीं करवाया गया है। अस्पताल की ओर से तीन बार पोस्टमार्टम के लिए सेक्टर -7 थाना पुलिस को लेटर भेजा गया है। लेकिन अभी तक इस नवजात का पोस्टमार्टम नहीं हो सका है। इस कारण पोस्टमार्टम हाउस में एक महीने से बच्चे की बॉडी बॉक्स में रखी है। अब यह बॉडी खराब होने लगी है। लेकिन इस पर अभी तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। नियम के मुताबिक लावारिस शव का भी संस्कार 72 घंटे में किया जाता है, लेकिन इस मामले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से बार-बार नोटिस भेजे जाने के बाद भी कोई काम नहीं किया गया है।
सेक्टर -6 सिविल अस्पताल में बिहार की नाबालिक ने नवजात को जन्म दिया था। इस दौरान बच्चे की मौत हो गई। इसमें नाबालिक के परिजनों की ओर से पुलिस को शिकायत दी गई। नाबालिक की शिकायत पर पंचकूला पुलिस ने सेक्टर -7 थाने में आरोपी के खिलाफ जीरो एफआईआर दर्ज की है।
अस्पताल प्रबंधन की ओर से पुलिस को बार-बार नोटिस भेजा गया है। इसके बाद इस मामले में न तो बिहार की पुलिस आई और न ही पंचकूला पुलिस की ओर से इस पर कोई काम किया गया है। इस कारण शव पोस्टमार्टम हाउस में एक महीने से रखा है। - आरएस चौहान, पीएमओ, सिविल अस्पताल सेक्टर -6
सिविल अस्पताल में नाबालिक के गर्भवती का केस आया है। गर्भवती ने बच्चे को जन्म दिया। शिकायत मिलने पर पंचकूला पुलिस ने जीरो एफआईआर दर्ज कर बिहार पुलिस को ट्रांसफर किया गया है। इसके बाद वहां से कोई नहीं आया है। पुलिस की ओर से अपने स्तर पर कोई लापरवाही नहीं बरती गई है। - राजेश कुमार, थाना प्रभारी सेक्टर -7