खटकड़ कलां में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा शहीद ए आजम भगत सिंह की प्रतिमा पर पुष्प अर?
चंडीगढ़। नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने बुधवार को शहीद भगत सिंह को उनके पैतृक गांव खटकड़कलां पहुंचकर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने भगत सिंह की समाधि पर पुष्प चढ़ाकर उन्हें नमन किया। हुड्डा ने कहा कि अपने शहीदों को भुलाने वाला देश कभी तरक्की नहीं कर सकता। भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव जैसे शहीदों के बलिदान की वजह से ही देश को आजादी मिली। आज हम उनकी बदौलत ही खुली हवा में सांस ले पा रहे हैं। हमें शहीदों के बलिदान को हमेशा याद रखना चाहिए।
हुड्डा ने कहा कि भगत सिंह, लाला लाजपत राय के साथ उनके परिवार के तीन पीढ़ियों से पारिवारिक संबंध हैं। लाला लाजपत राय के पिता मुंशीराम उनके दादा के शिक्षक रहे, तभी से हमारे परिवार का उनके साथ नाता जुड़ा। आजादी के पहले वर्ष 1904-05 के दौरान लाला लाजपत राय, सरदार अजीत सिंह और मेरे दादा जी चौ. मातूराम को काले पानी की सजा हुई थी। उस समय लाला लाजपत राय और भगत सिंह के चाचा सरदार अजीत सिंह डेढ़ महीने तक सांघी गांव में ठहरे थे। आजादी के बाद भी तीनों परिवारों के घनिष्ठ संबंध बरकरार रहे।
भगत सिंह हमेशा देश के बेटे और परिवार के सदस्य के तौर पर हमारे लिए प्रेरणास्रोत हैं। हम सभी को शहीदों के दिखाए मार्ग पर ही चलना चाहिए। इस मौके पर उनके साथ सांसद मनीष तिवारी, विधायक प्रताप सिंह बाजवा, पूर्व स्पीकर कुलदीप शर्मा, विधायक बीबी बत्रा, विधायक विक्रमजीत सिंह इत्यादि मौजूद रहे।