पंचकूला। पुलिस प्रोटेक्शन हाउस प्रेमी जोड़ों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। न तो उन्हें कोई सुविधाएं मिल रही हैं और न ही उनकी कोई सुनवाई हो रही। प्रोटेक्शन हाउस में अव्यवस्थाओं की सूचना मिलते ही लीगल डिस्ट्रिक सर्विस अथॉरिटी की एक टीम ने प्रोटेक्शन हाउस का दौरा किया और कई कमियां पकड़ी। इसके अलावा एक प्रेमी जोड़े ने अदालत को पत्र लिखकर प्रोटेक्शन हाउस की दुर्दशा के बारे में बयां किया है। टीम ने दौरे की कार्रवाई का लेटर डीसीपी और अदालत को सौंप दिया है।
इस बारे में पहले भी प्रेमी जोड़ों ने शिकायत की थी। अदालत के लिखे पत्र के मुताबिक प्रोटेक्शन हाउस में न तो पीने का पानी है और न ही रहने की जगह। दो कमरों में चार प्रेमी जोड़ों को रहने दिया जा रहा है। इसके अलावा मच्छर और गंदगी से बुरा हाल है। गर्मी कम करने की भी कोई व्यवस्था नहीं है। डिस्ट्रिक लीगल सर्विस अथॉरिटी के एडवोकेट मनबीर सिंह राठी ने बताया कि दौरे के दौरान कई कमियां देखने को मिली। प्रोटेक्शन हाउस की ऐसे हालात हैं कि वहां कोई भी रहना नहीं चाहेगा। राठी ने डीसीपी पारुल कुश जैन को इस बारे में अवगत कराया और एक कॉपी उन्हें सौंपी। इसके अलावा उन्होंने एक कॉपी पंचकूला अदालत को भी सौंपी।