कालका। डीएलएफ-वाड्रा के बीच हुई डील की जांच सर्वोच्च न्यायालय और उच्च न्यायालय के किसी वर्किंग जज से कराई जानी चाहिए और दोषियों के खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज होने चाहिए। घोटाले के ताजा खुलासे के बाद मुख्यमंत्री को अपना त्याग पत्र दे देना चाहिए। यह बात शनिवार को कालका रेलवे क्रासिंग के पास स्थित तोषाबीच में आयोजित हलका कालका के कार्यकर्ता सम्मेलन में इनेलो नेता व विधायक अभय सिंह चौटाला ने कही। इनेलो नेताओं ने हरियाणा के पूर्व परिवहन मंत्री ओमप्रकाश जैन व जिले राम शर्मा को कर्म सिंह हत्याकांड से सीबीआई द्वारा बचाए जाने के प्रयासों की निंदा की। उन्होंने दोनों पूर्व मंत्रियों के खिलाफ धारा-302 एवं भ्रष्टाचार निरोधक कानून के अंतर्गत मामला दर्ज करने की मांग की है।
कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए चौटाला ने कहा कि आज प्रदेश की सड़कें पूरी तरह से टूटी हुई हैं, बिजली-पानी का अभाव है और कानून व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। विकास के नाम पर प्रदेश में कहीं एक ईंट नहीं लगी और मुख्यमंत्री सरकारी तंत्र के माध्यम से फर्जी आंकड़ों के जरिए मात्र लोगों को बहकाने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी प्रदेश अध्यक्ष अशोक अरोड़ा ने संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस विधायक बलबीर पाल शाह सहित अन्य विधायक व सांसद भी अब खुले तौर पर स्वीकार रहे हैं कि प्रदेश के एक ही जिले में विकास हो रहे, बाकी सब जगह विकास ठप है। सम्मेलन में रायपुररानी, मढ़ावाला और कोना सहित कई गांवों से बक्शी प्रजापत, गोल्डी राणा, राहुल राणा, गौरव सैणी, जसबीर राणा, शमशेर राणा, भूपिन्द्र चौहान सहित अन्य लोगों ने पार्टी में शामिल होने की घोषणा की। सम्मेलन में इनेलो में शामिल पूर्व मंत्री केएल शर्मा, कालका से विधायक प्रदीप चौधरी, अनुसुचित जनजाति प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष बलदेव बाल्मीकि ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर वरिष्ठ नेता अशोक शेरवाल, इनेलो जिला प्रधान ग्रामीण दीनानाथ शर्मा, शहरी प्रधान मनोज अग्रवाल, रामप्रताप भौंरिया, मान सिंह चरनियां, हरदीप मेहता, सुशील गर्ग, बलवंत भींवर, श्यामलाल अग्रवाल, सीमा चौधरी, भाग सिंह दमदमा, निर्मला प्रजापति, महेन्द्र लाकड़ा, पार्षद, सतिन्द्र टोनी, पार्षद सुरजीत कौर, जीतराम ठेकेदार, जरनैल सिंह और गुरभाग धमाला मौजूद थे।