पंचकूला। धोखाधड़ी, एक्सटॉर्शन और कोठियों पर कब्जा करने के शातिर आरोपी संपूर्ण सिंह उर्फ भूरा को सेक्टर-5 थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। इस बार संपूर्ण सिंह को सेक्टर-4 की एक कोठी को अपना बताकर 70 लाख रुपये में बेचने के आरोप में काबू किया गया है। पिछले माह सेक्टर-5 थाने में उसके खिलाफ सेक्टर-4 की विवादित कोठी को लेकर गोलियां चलाने का मामला दर्ज हुआ था, जबकि इससे पहले भी वह पंचकूला में एक्सटॉर्शन और धोखाधड़ी के मामलों में पकड़ा जा चुका है। साथ ही जीरकपुर और अंबाला में भी उसके खिलाफ धोखाधड़ी के मामले दर्ज हैं।
मूल रूप से लालडू के गांव हसनपुर निवासी संपूर्ण सिंह फिलहाल पंचकूला के सेक्टर-9 की एक कोठी किराए पर ले रखा था। सेक्टर-5 थाना पुलिस के मुताबिक, संपूर्ण सिंह पहले सरदार था, लेकिन वेश बदलने के लिए वह मोना बन गया है। पुलिस उसे गिरफ्तार करने के लिए काफी समय से जुटी थी और आखिरकार शनिवार देर रात उसे सेक्टर-9 में पीछा कर पकड़ लिया। सोमवार को उसे जिला अदालत में पेश किया जाएगा।
मई में सेक्टर-4 में चली थी गोली
पुलिस के अनुसार, सेक्टर-4 में कोठी नंबर 129 एक एनआरआई महिला की है, जिसकी मौत हो चुकी है। संपूर्ण सिंह ने यह कोठी धोखाधड़ी कर अंबाला के गांव महमूदपुर निवासी ओपी सैणी को बेच दिया था। सैणी से 70 लाख रुपये में कोठी का सौदा तय हुआ था, जिसमें सैणी ने संपूर्ण सिंह को 15 लाख रुपये का चेक दिया था, लेकिन यह चेक बाउंस हो गया। चेक बाउंस होने के बाद 2 मई को संपूर्ण सिंह और ओपी सैणी के बीच सेक्टर-4 की कोठी पर झगड़ा हुआ था, जिसमें ओपी सैणी की तरफ से चार हवाई फायर किए गए। पुलिस ने उस समय सैणी को गिरफ्तार कर लिया था।
दोनों में से किसी की नहीं कोठी
जिस कोठी को लेकर विवाद है, वह न तो संपूर्ण सिंह की है और न ही ओपी सैणी की। संपूर्ण ने फर्जी कागजात बनवाकर सैणी को कोठी बेच दी थी। संपूर्ण सिंह को पिछले वर्ष पंचकूला की ईओडब्ल्यू टीम ने भी धोखाधड़ी के एक मामले में गिरफ्तार किया था और इन दिनों वह जमानत पर था।