चंडीगढ़। बर्ड फ्लू संबंधी पंजाब के लिए शुक्रवार को अच्छी खबर मिली है। सूबे में अब तक बर्ड फ्लू के नमूनों की 99.5 प्रतिशत रिपोर्ट निगेटिव आई है। सिर्फ 0.5 प्रतिशत नमूनों की जांच में संक्रमण मिला है। इस बीच पंजाब सरकार ने भी राज्य भर के पोल्ट्री फार्मों, बैकयार्ड पोल्ट्री में 100 प्रतिशत टेस्ट कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है। ये टेस्ट निशुल्क किए जाएंगे।
पंजाब के पशु पालन मंत्री तृप्त राजिंदर सिंह बाजवा ने बताया कि पंजाब अभी तक भी बर्ड फ्लू से लगभग बचा हुआ है। पंजाब सरकार ने समूह पोल्ट्री फार्मों, बैकयार्ड पोल्ट्री को 100 फीसदी ेैस्ट करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। जल्द ही राज्य को बर्ड फ्लू से राहत दिलाई जाएगी, जिससे अंडे और मीट का सेवन करने वालों को संक्रमण का किसी भी किस्म का कोई अंदेशा या शंका न रहे।
विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव विजय कुमार जंजूआ ने बताया कि जालंधर में रीजनल डिजीज डायग्नोस्टिक लैबोरेटरी में अब तक 8022 नमूनों का टेस्ट किया गया। पंजाब राज्य में अंडे देने वाली मुर्गियों के 641 फार्म और मीट का उत्पादन करने के लिए करीब 2851 फार्म हैं। अब तक करीब 750 फार्मों से सैंपल एकत्र करके आरडीडीएल जालंधर में टेस्ट किए गए हैं।
अपील: पकाकर खाएं मांस
अतिरिक्त मुख्य सचिव जंजूआ ने आम लोगों को यह भी अपील की है कि वे मांस और अंडे को पूरी तरह पका कर खाएं, क्योंकि विशेषज्ञों का मानना है कि अगर मीट और अंडों को 70 डिग्री सेल्सियस तापमान पर 20 मिनट के लिए पकाया जाए तो उसमें बर्ड फ्लू जैसी बीमारी के अंश का खात्मा हो जाता है।