पंचकूला। गुग्गा जाहरवीर कमेटी एवं समूह ग्राम वासियों द्वारा श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट, जिला रेडक्रॉस सोसाइटी पंचकूला और अमर उजाला फाउंडेशन के सहयोग से जरूरतमंद मरीजों की सहायता के लिए गुग्गा जाहरवीर माड़ी, बागवाली में रक्तदान शिविर लगाया गया। शिविर में 87 युवाओं ने रक्तदान किया। शिविर का उद्घाटन गुग्गा जाहरवीर कमेटी के प्रधान राजेंद्र राणा ने किया। उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वे इस नेक कार्य में बढ़-चढ़कर भाग लें।
एक स्वस्थ व्यक्ति का इंसानी, नैतिक और सामाजिक दायित्व बनता है कि वह स्वयं को रक्तदान के लिए तैयार रखें। हर स्वस्थ व्यक्ति को इसलिए भी रक्तदान करना चाहिए, क्योंकि रक्त का कोई दूसरा विकल्प नहीं है। गुग्गा जाहरवीर कमेटी के उप प्रधान जसबीर सिंह, सेक्रेटरी सतवीर सिंह, सरपंच नरेंद्र कुमार और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रधान राकेश कुमार संगर ने बताया कि आजकल सभी अस्पतालों में रक्त एवं रक्त कंपोनेंट्स की बहुत कमी है।
रक्तदान का मकसद उन मरीजों की मदद करना है, जिनकी जिंदगी की डोर रक्त की कमी से कमजोर पड़ जाती है। रक्तदान शिविर लगाकर रक्त की कमी को पूरा करने का प्रयास किया जाता है। इस मौके पर गुग्गा जाहरवीर कमेटी के नवीन कुमार, सुनीत, अजय, दीपक, प्रदीप, मुकेश, मुल्तान और श्री शिव कांवड़ महासंघ चैरिटेबल ट्रस्ट के गुलशन कुमार, मनीष और अन्य गणमान्य उपस्थित रहे।