चंडीगढ़। चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड (सीएचबी) अपने आवंटियों पर कार्रवाई कर सकता है। बोर्ड ने स्मॉल फ्लैट्स स्कीम के तहत रेंट जमा न करने वाले अलॉटियों की अब दोबारा फाइनल लिस्ट जारी कर दी है। सीएचबी ने 408 डिफाल्टरों की लिस्ट जारी करते हुए उन्हें जल्द अपना बकाया रेंट जमा करवाने के निर्देश दिए हैं। बोर्ड के मुताबिक इन डिफाल्टरों को फाइनल नोटिस जारी किया जाएगा। इसके बावजूद अगर अलॉटी रेंट जमा नहीं करवाते हैं तो बोर्ड द्वारा इनकी अलॉटमेंट रद्द करने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इसकी जानकारी सभी को दे दी गई है।
सीएचबी अपने अलॉटियों को लंबे समय से रेंट को लेकर नोटिस जारी कर रहा है, लेकिन अलॉटी इसको अनदेखा कर रहे हैं। बोर्ड अब तक अलॉटियों को दो बार नोटिस जारी कर चुका है। बोर्ड की लिस्ट में सेक्टरों और कॉलोनियों से डिफाल्टरों की संख्या अलग-अलग है। स्मॉल फ्लैट्स स्कीम के तहत इन फ्लैट्स का रेंट काफी कम है। इसके बावजूद अलॉटी इसे जमा नहीं करवाते हैं।
बोर्ड के एक अधिकारी का कहना है कि अलॉटियों की सूची इसलिए निकाली गई है ताकि वे अपना रेंट जमा करवा सकें। अगर इसके बाद भी ये रेंट जमा नहीं करवाते हैं तो बोर्ड इनके खिलाफ कार्रवाई करना शुरू कर देगा। फाइनल नोटिस के बाद अलॉटियों की अलॉटमेंट रद्द की जा सकती है।
बोर्ड की लिस्ट में ये हैं डिफाल्टर
चंडीगढ़ हाउसिंग बोर्ड ने 408 डिफाल्टरों की लिस्ट जारी की है। इस लिस्ट में धनास में 70, राम दरबार में 62, सेक्टर-49 में 57, सेक्टर-38 वेस्ट में 57, मौली जागरां में 69, सेक्टर-56 पलसौरा में 59 और इंडस्ट्रियल एरिया में करीब 34 डिफॉल्टर सामने आए हैं। बोर्ड के मुताबिक अभी अलॉटियों की जांच चल रही है।