दुबई जाने वाला युवक 64500 यूरो करेंसी के साथ गिरफ्तार
डीआरआई की टीम को मिली थी गुप्त सूचना
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। एयरपोर्ट से दुबई जाने वाले नवजीत सिंह को 64500 यूरो करेंसी के साथ डायरेक्टोरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (डीआरआई) की टीम ने गिरफ्तार किया गया। डीआरआई की टीम को गुप्त सूचना मिली थी कि एक युवक दुबई जाने वाली फ्लाइट से यह करेंसी लेकर जा रहा है।
प्राप्त जानकारी के मुताबिक इंटरनेशनल एयरपोर्ट से नवांशहर का निवासी नवजीत सिंह दोपहर बाद 3.55 बजे इंडिगो की फ्लाइट से दुबई जा रहा था। उसके पास से डीआरआई की टीम ने 64500 यूरो करेंसी पकड़ी। इसकी भारतीय कीमत 50.76 लाख रुपये आंकी गई है। युवक ने यूरो अखबार में लपेटकर बैग के अंदर रखे थे। यूरो के ऊपर युवक ने कपडे़ रखे थे। आरोपी युवक एयरपोर्ट के अंदर चला गया था। उसे फ्लाइट से जाने का बोर्डिंग पास भी मिल चुका था।
डीआरआई ने जानकारी मिलने के बाद छापेमारी की थी। छापेमारी के बाद युवक को फ्लाइट में चढ़ने नहीं दिया गया। पूछताछ के बाद पता चला कि युवक को यह पैसे दुबई लेकर जाने थे। दुबई में उससे किसी अज्ञात व्यक्ति को यह पैसे देने थे। युवक पर करेंसी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। हालांकि बाद में युवक को जमानत पर डीआरआई की टीम ने छोड़ दिया।
नियम के मुताबिक विदेश में पैसे ले जाने वाले व्यक्ति को पहले कस्टम में फार्म भरकर देना होता है कि वह पैसे क्यों लेकर जा रहा है। लेकिन इस युवक ने इस संबंध में कोई इनपुट नहीं दिया था। डीआरआई की टीम की ओर से कागजात मांगे गए, लेकिन आरोपी दिखा नहीं सका। इस कारण इस रकम को डीआरआई ने जब्त कर लिया।