सार्वजनिक शौचालयों की सुरक्षा में तैनात होंगे केयरटेकर
टॉयलेट की रखवाली के लिए नगर निगम ने उठाया एक बड़ा और महत्वपूर्ण कदम
शहर के कई क्षेत्रों में शौचालय बन चुके हैं अवैध शराब के अड्डे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। शहर में सार्वजनिक शौचालयों की रखवाली के लिए एक बड़ा कदम उठाया गया है। यहां टॉयलेट की सुरक्षा में केयरटेकर तैनात किए जाएंगे। ऐसा इसलिए किया जा रहा है, क्योंकि शहर में कई क्षेत्रों के शौचालय अवैध शराब का अड्डा बन चुके हैं। ऐसे में सार्वजनिक शौचालयों को अराजक तत्वों से बचाने के लिए नगर निगम ने यह फैसला लिया है। अगर देखा जाए तो चंडीगढ़ पहला ऐसा शहर है, जहां टॉयलेट की सुरक्षा में केयरटेकर की तैनाती जैसा महत्वपूूर्ण फैसला लिया गया है।
शहर में शाम होते सार्वजनिक शौचालयों में महफिल रंगीन होने लगती है। इनके आसपास शराब के साथ अराजक तत्वों को जमावड़ा लगना शुरू हो जाता है। इसके चलते रात में शहर के अधिकतर शौचालय शराब का अवैध अड्डा बन जाते हैं। ऐसे में इन शौचालयों से अराजकता हटाने के लिए नगर निगम ने एक बड़ा एवं महत्वपूर्ण फैसला लिया है। नगर निगम शहर के शौचालयों की सुरक्षा के लिए केयरटेकर की तैनाती का फैसला लिया है। केयरटेकर की तैनाती से टॉयलेट जहां सुरक्षित होंगे वहीं शहर के विभिन्न क्षेत्रों से अराजक तत्वों का जमावड़ा खत्म हो जाएगा।
यहां का मामला
सेक्टर-15ए स्थित ओल्ड बुक मार्केट में कई सार्वजनिक शौचालय बने हैं। ये शौचालय दर्जनों दुकानदारों के उपयोग के लिए बनवाए गए हैं। अराजक तत्वों की कब्जेदारी के चलते स्थानीय दुकानदार भी इन शौचालयों का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। इस मार्केट में हजारों स्टूडेंट्स भी किताबें खरीदने आते हैं। लेकिन अराजकता के चलते लोग इन शौचालयों का उपयोग नहीं कर पा रहे थे। दो दिन पूर्व शिकायत मिलने के बाद जांच करने पहुंची टीम को इन शौचालयों में शराब की बोतलें मिलीं थीं और इन्हें पीने वाले वहां से भाग गए थे।0
आम लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा
नगर निगम के अधिशासी अभियंता संजय अरोड़ा ने अपने अधिकारियों को मामले में जांच के आदेश दिए हैं। संजय अरोड़ा ने बताया कि सार्वजनिक शौचालयों का दुरुपयोग न हो इसके लिए इनके बाहर केयरटेकर भी तैनात किए जाएंगे। इससे आम लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।