पंचकूला। दशहरा पर्व की सुरक्षा व्यवस्था में 715 पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे। इन पुलिसकर्मियों को शहर के अलग-अलग मुख्य स्थानों पर तैनात किया जाएगा। इनमें दशहरा ग्राउंड, सभी एंट्री-एग्जिट नाके, होटल, बस स्टैंड और अन्य भीड़भाड़ वाले स्थान शामिल हैं। डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बुधवसार को सेक्टर-5 स्थित दशहरा ग्राउंड में सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान एसीपी दिनेश कुमार भी उनके साथ मौजूद रहे।
डीसीपी सृष्टि गुप्ता ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर पंचकूला पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड पर है। वीरवार को शहरभर में कुल 715 पुलिसकर्मियों की तैनाती की जाएगी। पीसीआर व बाइक राइडर टीमें भी दशहरा ग्राउंड और आसपास के क्षेत्रों में लगातार गश्त करेंगी ताकि सुरक्षा में कोई चूक न हो। इसके अलावा सेक्टर-14, 15, 16, 19, रायपुररानी, चंडीमंदिर थाना क्षेत्र, पिंजौर और कालका जहां दशहरा उत्सव मनाया जाएगा, वहां भी विशेष सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं।