पंचकूला। पंचकूला जिले के पिंजौर ब्लॉक के गांव नानकपुर से 7 जमातियों को कोरोना संदिग्ध मानते हुए पंचकूला सेक्टर- 6 नागरिक अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती किया गया है।
सभी 7 जमातियों के सैंपल जांच के लिए चंडीगढ़ पीजीआई में भेजे गए हैं। रिपोर्ट आने के बाद ही इनकी स्थिति साफ होगी। पंचकूला पुलिस व स्वास्थ्य विभाग की टीम की मदद से इन 7 जमातियों को सर्वे के दौरान मिली जानकारी पर गांव नानकपुर से ढूंढ कर अस्पताल में भर्ती किया है।
उल्लेखनीय है कि पूरे देश में जमातियों को ढूंढकर आइसोलेशन में भर्ती करने व उनके सैंपल लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। इसी के तहत हरियाणा सरकार व पंचकूला प्रशासन भी जमातियों को ढूंढकर क्वारंटीन करने व उनकी मेडिकल जांच करने की प्रक्रिया में जुटा हुआ है। इस संबंधी सिविल सर्जन डॉ. जसजीत कौर ने कहा कि सबके सैंपल जांच के लिए पीजीआई चंडीगढ़ भेज दिए गए हैं।