नोट- फोटो सहित
सेंट जोसेफ ने जीता सुपर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट
फाइनल मुकाबले में एकेएसआईपीएस-45 को 9 विकेट से दी मात
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। सेंट जोसेफ स्कूल में चल रही सेंट जोसेफ सुपर लीग क्रिकेट टूर्नामेंट फॉर अंडर-14 का बुधवार को समापन हो गया। टूर्नामेंट में मेजबान सेंट जोसेफ ने एकेएसआईपीएस-45 को 9 विकेट से हराते हुए ट्राफी पर कब्जा कर लिया। टास जीत कर सेंट जोसेफ ने पहले एकेएसआईपीएस-45 को बल्लेबाजी का न्योता दिया। एकेएसआईपीएस की ओर से बाएं हाथ के बल्लेबाज देव ने 96 रनों की पारी खेली। उसके अलावा कमलेश ने 11 और गुरसिमरन ने 9 रन बनाए। एकेएसआईपीएस ने निर्धारित 25 ओवरों में 8 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। सेंट जोसेफ की ओर से काव्या और परमीश वर्मा ने 2-2 तथा ईशान गाबा और दीपक शर्मा ने 1-1 विकेट हासिल किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सेंट जोसेफ की टीम ने 1 विकेट खोकर अंतिम गेंद पर जीत दर्ज की। सेंट जोसेफ की तरफ से परमीश वर्मा ने नाबाद 67 रनों की पारी खेली। वहीं, बलराज सिंह ने 63 और मृदुल चावला ने नाबाद 11 रन बनाए। स्कूल प्रिंसिपल ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए पुरस्कार बांटे।
यह चुने गए टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी
एकेएसआईपीएस-45 की ओर से बेस्ट विकेटकीपर, लक्की पाल, बेस्ट बल्लेबाज, देव, बेस्ट प्लेयर, यमुना सिंह को चुना गया। सेंट जोसेफ की ओर से बेस्ट गेंदबाज, रणविजय सिंह ठाकुर, मैन ऑफ द मैच, परमीश वर्मा और मैन ऑफ द सीरीज, गुरसिमरन सिंह को चुना गया।