पार्सल चोरी मामले पर पवन बंसल ने रेल मंत्री को लिखा पत्र
पीयूष गोयल से मामले की गहनता से जांच की मांग की
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। पूर्व केंद्रीय मंत्री पवन कुमार बंसल ने रेलवे पार्सल में हो रही चोरियों को लेकर शुक्रवार को रेल मंत्री पीयूष गोयल को एक पत्र लिखा है। हाल ही में चंडीगढ़ के पार्सल बुकिंग एजेंट दिलीप कुमार दुबे द्वारा रेल के जरिये हावड़ा पार्सल भेजे जाने पर उनका सामान गंतव्य स्थान से पहले ही हर बार चोरी हो गया। पवन कुमार बंसल ने रेल मंत्री से इस सभी मामले की गहनता से जांच कराए जाने की मांग की।
बंसल ने शिकायतकर्ता का पत्र भी संलग्न कर रेल मंत्री को भेजा। बंसल ने पत्र में कहा है कि दिलीप कुमार दुबे ने चार अलग-अलग मौकों पर पार्सल बुक किए और हर बार रेल गाड़ी के हावड़ा पहुंचने पर चोरी की उन्हें सूचना मिली। इससे उन्हें 54 लाख का नुकसान हुआ। बंसल ने रेल मंत्री को लिखा है कि शिकायतकर्ता दड़वा गांव के रहने वाले हैं। उन्होंने अपनी पीड़ा उन्हें बताई और कहा कि संबंधित अधिकारियों को बार-बार मिलने पर भी मामले में कुछ नहीं हुआ।
रेल मंत्री को भेजे गए पत्र के साथ शिकायतकर्ता के संलग्न पत्र में कहा गया है कि 15 दिसंबर को चंडीगढ़ रेलवे से हावड़ा के लिए 25 बंडल ह्यूमन हेयर बुक किए थे। इसमें से सात बंडल रास्ते में गायब हो गए। इससे पहले 21 नवंबर 2018 को 42 बंडल रेल पार्सल के जरिये हावड़ा कालका मेल में बुक किए गए जिसमें से 13 बंडल गायब हो गए थे। इसी तरह यह घटना पिछले साल भी हुई। पवन कुमार बंसल ने शिकायतकर्ता के साथ आए हुए सभी लोगों से मुलाकात की और रेल मंत्री पीयूष गोयल को पत्र लिखकर कहा कि इस मामले में आवश्यक कार्रवाई की जाए।