तितलियों को आकर्षित करने के लिए लगेंगे 50 हजार फूलदार पौधे
सेक्टर-21 माडल स्कूल में तैयार हो रहे हैं, शुक्रवार को लेजर वैली में लगाए गए एक हजार पौधे
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। आगामी सीजन में तितलियों को चंडीगढ़ में आकर्षित करने के लिए शहर में 50 हजार से ज्यादा फूलदार पौधे लगाए जाएंगे। शुक्रवार को एनजीओ आर्गेनिक शेयरिंग की ओर से स्थानीय फूलों के लेजर वैली में एक हजार से ज्यादा पौधे लगाए गए। ये पौधे सेक्टर-33 भवन विद्यालय के जूनियर वर्ग के छात्रों और एनजीओ ने मिलकर लगाए। इन पौधों की वेराइटी में बर्फ, देगी, सालविया, केलेनडुला, स्वीट विलियम और फ्लाक्स शामिल हैं। आर्गेनिक शेयरिंग के वाइस प्रेसिडेंट राहुल महाजन ने बताया कि यह सीजन पेड़ लगाने का तो नहीं है, लेकिन फूल वाले पौधे लग सकते हैं। सर्दियों के मौसम में कई लोकल वेराइटी है, जिन पर शानदार फूल उगते हैं, इसलिए इस सीजन में 50 हजार से ज्यादा फूलदार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
इन पौधों के फूलों से तितलियां आकर्षित होती हैं और फूलों पर बैठती हैं। तितलियों का सीजन फरवरी के आखिरी और मार्च में आता है। तब तक ये पौधे भी अच्छी तरह से तैयार हो जाएंगे। इस सीजन में यही पौधे लगाए जाते हैं। सभी पौधे सेक्टर-21 माडल स्कूल में तैयार हो रहे हैं। अब तक एक हजार पौधा सेक्टर-17 इनकम टैक्स बिल्डिंग, 500 पौधे सेक्टर-26 पुलिस स्टेशन में लगाए जा चुके हैं। इस मौके पर उन्होंने कहा कि स्कूल खुलने पर सभी स्कूलों को 500-500 पौधे बांटे जाएंगे। उन्होंने आरडब्ल्यूए से अपील की है कि यदि वे भी पौधे लगाना चाहते हैं तो वे हर आरडब्ल्यूए को एक हजार पौधा मुफ्त में देने के लिए तैयार हैं। इस संबंध में कुछ आरडब्ल्यूए के सदस्यों ने संपर्क भी किया है।