सिरसा में गैंगस्टरों पर कार्रवाई करने वालों को तरक्की
तीन गैंगस्टरों ने पुलिस से घिरने पर कर ली थी खुदकुशी
अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़।
पंजाब में गैंगस्टरों व तस्करों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई तेज की जाएगी और अपराधियों को काबू करने की कोशिशें जारी रहेंगी। यह बात पंजाब के डीजीपी सुरेश अरोड़ा ने कही। वे मंगलवार को फरीदकोट जिला पुलिस की उस टीम को सम्मानित कर रहे थे, जिन्होंने पंजाब के तीन गैंगस्टरों के खिलाफ सिरसा (हरियाणा) के सखेरा खेड़ा में सफल कार्रवाई की थी और उस कार्रवाई में गैंगस्टरों ने पंजाब पुलिस के मजबूत घेरे को देखते हुए खुदकुशी कर ली थी।
पंजाब पुलिस के प्रवक्ता ने बताया कि डीजीपी इस कार्रवाई पर खुद नजर रख रहे थे और उन्होंने फरीदकोट सीआईए स्टाफ के इंस्पेक्टर अमृतपाल सिंह को डीजीपी डिस्क से सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि पंजाब में शीघ्र ही गैंगस्टरों का सफाया कर दिया जाएगा। इस अवसर पर उनकी टीम में शामिल जसपाल सिंह थानेदार को ई-2 गुरलाल सिंह सहायक थानेदार को डी-2 दर्शन सिंह, जयदीप सिंह, हरपाल, गुरविंद्र सिंह जंग सिंह, सुखदेव सिंह, सुरजीत सिंह व गुरमीत सिंह को सहायक थानेदार के रूप में, अमनदीप सिंह व कुलतार सिंह को हवलदार एलआर के रूप में, गुरप्यार सिंह, कुलविंद्र सिंह बेअंत सिंह और जयसीर सिंह को सी-2 के रैंक से तरक्की देकर सम्मानित किया।