चंडीगढ़। हरियाणा स्कूल शिक्षा विभाग ने सुपर-100 का परीक्षा परिणाम जारी कर दिया है। 2022-24 के बैच के लिए कुल 600 बच्चे चयनित हुए हैं। 400 बच्चे रेवाड़ी के विकल्प कोचिंग केंद्र में ऑफलाइन कोचिंग लेंगे, जबकि 200 बच्चों को इसी केंद्र के जरिये ऑनलाइन कोचिंग दी जाएगी। इस बार विभाग ने सभी बच्चों को रेवाड़ी में ही जेईई, नीट की मुफ्त कोचिंग देने की व्यवस्था की है।
शिक्षा मंत्री कंवर पाल ने बताया कि ऑनलाइन कोचिंग के लिए चुने गए बच्चों को 25 जुलाई को रेवाड़ी में कोचिंग केंद्र पर बुलाया गया है।वहीं ऑफलाइन के लिए चयनित बच्चे 27 जुलाई को कोचिंग केंद्र पर सभी दस्तावेजों के साथ उपस्थित होंगे। ऑनलाइन कोचिंग 28 जुलाई से शुरू की जाएगी। ऑफलाइन कोचिंग कक्षाएं अगस्त के पहले सप्ताह से शुरू की जा सकती हैं। सुपर-100 के लिए चुने गए बच्चों में सबसे ज्यादा जींद, हिसार और फतेहाबाद जिले के हैं।
जींद के 48, हिसार के 46 और फतेहाबाद के 39 बच्चों का ऑफलाइन कोचिंग के लिए चयन हुआ है। इस बार आईआईटी, नीट और जेईई की कोचिंग को लेकर कुछ खास नियम भी बनाये गए हैं। अगर किसी परिस्थिति में कोई छात्र ऑफलाइन कोचिंग नही ले पाता है, तो ऑनलाइन कोचिंग में चयनित बच्चे को रेवाड़ी के कोचिंग सेंटर पर पढ़ने का मौका दिया जाएगा। इस बैच में चयनित बच्चों की समय-समय पर परीक्षा के जरिये मूल्यांकन किया जाएगा। शिक्षा विभाग के अतिरिक्त मुख्य सचिव डॉ. महावीर सिंह और निदेशक सेकेंडरी एजुकेशन डॉ1 अंशज सिंह ने चयनित छात्रों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं।