चंडीगढ़ सहित देश के 55 एयरपोर्ट ऐसे हैं, जो पूरी तरह से प्लास्टिक फ्री हो चुके हैं। इनमें से 30 पहले चरण में जबकि 20 को हाल ही में प्लास्टिक मुक्त बनाया गया है। देश को प्लास्टिक मुक्त करने की प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अपील के बाद एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने हाल ही में देश में 20 एयरपोर्ट को प्लास्टिक मुक्त किया है। साथ ही यात्रियों से अपील की है कि प्लास्टिक का सामान कम से कम लेकर चलें ताकि प्लास्टिक फ्री एयरपोर्ट बनाने के संकल्प का मजबूती से पालन किया जा सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बीते 11 सितंबर को देशभर के लोगों से प्लास्टिक मुक्त भारत बनाने की अपील की थी। पीएम ने कहा था कि 2 अक्तूबर तक स्वच्छता अभियान में एक और कदम बढ़ाते हुए देश को प्लास्टिक मुक्त करना है। इसके लिए देशभर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को प्लास्टिक के दुष्परिणाम बताए जा रहे हैं। हाल ही में एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया ने देश के 20 एयरपोर्ट को प्लास्टिक मुक्त करने की घोषणा की है। चंडीगढ़ एयरपोर्ट पर पहले से ही प्लास्टिक के उपयोग पर रोक है।
एयरपोर्ट के अधिकारियों का कहना है कि प्लास्टिक मुक्त देश बनाने के लिए काफी दिन पहले ही हमने मुहिम शुरू कर दी थी। अब शहर और देश के लोगों की बारी है कि प्लास्टिक का उपयोग न करके इस संकल्प को पूरा करें क्योंकि प्लास्टिक शरीर और पर्यावरण दोनों के लिए घातक है।
इन 20 एयरपोर्ट को हाल ही में किया गया प्लास्टिक फ्री
इलाहाबाद, औरंगाबाद, बेलगाम, भुज, डिब्रूगढ़, दीमापुर, गया, गोरखपुर, जबलपुर, जामनगर, जोधपुर, जोरहाट, कांगड़ा, खजुराहो, लेह, राजमुंद्री, राजकोट, सिलचर, सूरत और तुतीकोरीन एयरपोर्ट पर हाल ही में प्लास्टिक का इस्तेमाल बंद हो चुका है।
इन एयरपोर्ट को पहले चरण में किया गया था प्लास्टिक फ्री
चंडीगढ़, अगरतला, अहमदाबाद, अमृतसर, बागडोगरा, भोपाल, भुवनेश्वर, कालीकट, चेन्नई, कोयम्बटूर, देहरादून, गोवा, गुवाहाटी, इम्फाल, इंदौर, जयपुर, जम्मू, कोलकाता, लखनऊ, मदुरई, मैंगलुरु, पटना, पोर्ट ब्लेयर, पुणे, रायपुर, रांची, श्रीनगर, तिरुचिरापल्ली, तिरुपति, त्रिवेंद्रम, उदयपुर, बड़ौदा, वाराणसी, विजयवाड़ा और विशाखपत्तनम को पहले प्लास्टिक मुक्त एयरपोर्ट घोषित कर दिया गया है।
चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट पूरी तरह से प्लास्टिक फ्री है। इसके बाद देश के 20 अन्य एयरपोर्ट भी प्लास्टिक फ्री कर दिए गए हैं। अब लोगों की जिम्मेदारी है कि अपने शहर को भी प्लास्टिक फ्री बनाएं ताकि स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों को एक बेहतर वातावरण मिल सके।
- सुनील दत्त, सीईओ, चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट