55.50 लाख मामले में विक्रम और गुरदीप सिंह को एसआईटी ने गिरफ्तार किया।
- फोटो : PKL OFFICE
पंचकूला। करनाल के एक व्यापारी से सेेक्टर-5 स्थित होटल शिराज में फर्जी रेड के नाम पर पुलिस के साथ मिलकर 55.50 लाख की डकैती करने के मामले में एसआईटी की टीम ने राजस्थान के जैसलमेर से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर वीरवार को जिला अदालत में पेश किया। अदालत ने आरोपियों को सात दिन के रिमांड पर भेज दिया है।
आरोपियों को सात दिन के रिमांड पर लेकर एसआईटी पैसे की रिकवरी करेगी। इसके लिए टीम ने आरोपी संजीव गौड़ को तीन दिन के अतिरिक्त रिमांड पर लिया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान विक्रम उर्फ सैफी निवासी स्वास्तिक विहार सेक्टर-5 एमडीसी पंचकूला और दूसरे आरोपी गुरदीप सिंह उर्फ दीपक वासी गुरदेव नगर जिला कुरुक्षेत्र के रूप में हुई है। पंचकूला की एसआईटी टीम ने जैसलमेर पुलिस की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को एक रेस्टोरेंट से खाना खाने से पहले गिरफ्तार किया था।
एसआईटी आरोपी संजीव गौड़ और विक्रम उर्फ सैफी, आरोपी गुरदीप सिंह को आमने-सामने बैठाकर पूछताछ करेगी। इसके अलावा पुलिस कुरुक्षेत्र, शिमला सहित अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए छापा मारेगी। 55.50 लाख की रिकवरी के लिए एसआईटी की टीम की तरफ से लगातार रेड की जा रही है। रेड किए जाने के बाद भी अभी तक साढ़े पचपन लाख की रिकवरी नहीं हो पाई है। सेक्टर-14 के पूर्व थाना प्रभारी रहे नवीन सहारण से पूछताछ के दौरान यह बात सामने आई थी कि पैसे लेकर आरोपी संजीव गौड़, विक्रम और गुरदीप सिंह फरार हो गए हैं। पुलिस की तरफ से चेन्नई, दिल्ली में भी छापा मारा गया था।
यह था मामला
सेक्टर-5 होटल शिराज में 11 दिसंबर को व्यापारी कुनाल चोपड़ा से 55.50 लाख रुपये छीनने के मामले में एसआईटी रिपोर्ट में दोषी पाए जाने के बाद एसएचओ इंस्पेक्टर नवीन सहारण, हेड कांस्टेबल हरपाल सिंह और एसपीओ पवन कुमार को तीन जनवरी को निलंबित कर दिया गया था। यह कार्रवाई पंचकूला डीसीपी मोहित हांडा ने गठित एसआईटी की रिपोर्ट के बाद की थी। पुलिस ने अब तक सात लोगों को गिरफ्तारी इस मामले में की है।