हरियाणा सिपाही भर्ती परीक्षा में बैठे आठ हजार उम्मीदवार
- दो शिफ्टों में हुई परीक्षा, केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा
अमर उजाला ब्यूरो
पंचकूला। प्रदेश में पांच हजार सिपाही भर्ती परीक्षा के लिए पहले चरण में रविवार को पंचकूला के 20 सेंटरों पर करीब आठ हजार उम्मीदवारों ने एग्जाम दिया। परीक्षा दो शिफ्टों में आयोजित की गई थी। परीक्षा खत्म होने के बाद शहर में जाम के हालात बन गए। वहीं ऑटो चालकों ने जमकर ओवरलोडिंग की। इसके बाद भी इनकी कोई जांच नहीं की गई।
हरियाणा में सिपाही भर्ती परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित हुई। पंचकूला के स्कूल और कालेजों को मिलाकर 20 सेंटर बनाए गए। सिपाही भर्ती की पहले शिफ्ट की परीक्षा शहर में सुबह 10.30 बजे से दोपहर 12 बजे तक हुई। यह पेपर 1.30 बजे तक का था। वहीं, दूसरे शिफ्ट की परीक्षा दोपहर बाद तीन बजे से शुरू हुई। वहीं यह परीक्षा शाम 4.30 बजे तक चली। सिपाही पद के लिए आयोजित परीक्षा के प्रश्न पत्र में 100 प्रश्न पूछे गए। इसमें हिंदी, करेंट अफेयर्स, जनरल नॉलेज, गणित, विज्ञान और अंग्रेजी विषय से प्रश्न पूछे गए थे। पेपर के बाद स्टूडेंट्स के चेहरे खिले रहे। वहीं परीक्षा के दौरान परीक्षा केंद्रों पर पुलिस बल तैनात रहा। शहर के सेक्टर-21 स्थित दून पब्लिक स्कूल, सेक्टर-14 स्थित राजकीय कन्या महाविद्यालय, सतलुज पब्लिक स्कूल सहित शहर के 20 स्कूलों में यह सेंटर बनाया गया। परीक्षा देकर आए सतबीर सिंह ने बताया कि पेपर अच्छा हुआ है। 100 प्रश्न के लिए 90 मिनट का समय निर्धारित किया गया था। इसमें अधिकतर करेंट अफेयर्स और प्रदेश से संबंधित प्रश्न पूछे गए थे।
परीक्षा केंद्रों के बाहर जमकर हुई चेकिंग
परीक्षा केंद्रों के बाहर जमकर चेकिंग की गई। इस दौरान स्टूडेंट्स के बेल्ट, हाथ में बंधे धागे, ताबीज, रुमाल सहित सभी चीजें बाहर रखवा दी गई। यह चेकिंग दून पब्लिक स्कूल, सतलुज पब्लिक स्कूल, सार्थक स्कूल सहित सभी जगह की गई। सभी परीक्षा केंद्रों पर भारी पुलिस बल तैनात रहा।
ओवरलोड होकर चले ऑटो
सिपाही भर्ती परीक्षा के बाद शहर में ओवर लोड ऑटो जमकर चले। पंचकूला से जीरकपुर जाने का ऑटो वालों ने तीस रुपये किराया वसूल किया। इसके साथ ही सभी ऑटों में ओवर लोडिंग हुई। ओवर लोडिंग के बाद भी पुलिस की ओर से कोई चेकिंग नहीं की गई। परीक्षा छूटने के दौरान शाम को पांच बजे शहर के सभी सेक्टरों में जाम की स्थिति एक घंटे तक बनी रही।