चंडीगढ़। पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय अटल बिहारी वाजयेपी की जयंती एवं सुशासन दिवस के अवसर पर हरियाणा के 202 और गांवों को म्हारा गांव, जगमग गांव योजना से जोड़ दिया गया है। जहां पहले प्रदेश के 4878 गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध थी, लेकिन अब प्रदेश के 1261 ग्रामीण फीडरों पर पड़ने वाले 5080 गांव म्हारा गांव, जगमग गांव योजना से जुड़ कर पूरी तरह जगमग हो चुके हैं। यानी इससे प्रदेश के 72 प्रतिशत गांवों और 10 जिलों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध है।
25 दिसंबर से जो और 202 नए गांव इस योजना से जोड़े गए हैं, उनमें उत्तर हरियाणा बिजली वितरण निगम (यूएचबीवीएन) के अंतर्गत आने वाले सोनीपत सर्कल के 14 गांव, पानीपत के 18, रोहतक के 09, झज्जर के 20 और कैथल के 16 तथा दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) के अंतर्गत आने वाले गुरुग्राम सर्कल के 19, नारनौल के 95 और हिसार के 11 गांव शामिल हैं। इससे प्रदेश के 10 जिले जिनमें पंचकूला, अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर, करनाल, गुरुग्राम, फरीदाबाद, सिरसा, रेवाड़ी और फतेहाबाद शामिल हैं, जहां 24 घंटे बिजली उपलब्ध हैं।
बिजली वितरण निगमों के चेयरमैन शत्रुजीत कपूर ने बताया कि हरियाणा में 1 जुलाई, 2015 को कुरुक्षेत्र जिले के दयालपुर गांव से मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने म्हारा गांव, जगमग गांव योजना की शुरुआत की थी। इस योजना के तहत गांवों में सभी पुरानी बिजली की तारों की जगह नई एरियल बंच केबल लगाई जाती है, पुराने व खराब मीटरों को बदला जाता है, ग्रामीणों से बकाया बिजली बिलों का भुगतान करने का विनम्र आग्रह किया जाता है। उसके बाद ग्रामीण फीडरों का जैसे ही लाइन लॉस कम होता है तो उसे तुरंत म्हारा गांव, जगमग गांव योजना में शामिल कर गांव में बिजली का नया इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार कर ग्रामीणों के लिए 24 घंटे निर्बाध बिजली की सप्लाई शुरू कर दी जाती है। अगले 16 महीनों में शेष बचे 1965 गांवों में 24 घंटे बिजली उपलब्ध कराने का लक्ष्य निर्धारित किया है।