मोरनी। स्वास्थ्य विभाग की ओर से इलाके में शुरू की गई स्पेशल वैक्सीनेशन ड्राइव से लोगों ने राहत की सांस ली है। ड्राइव के तीसरे दिन टीकरी व सिल्यों गांव में लगभग 200 वैक्सीन लगाई गईं। पहले दिन टीपरा पंचायत में 150 और दूसरे दिन टिक्कर ताल में 250 लोगों का वैक्सीनेशन किया जा चुका है। लोगों का कहना है कि 23 पंचायतों की लगभग 5000 आबादी को स्वास्थ्य विभाग की इस योजना का लाभ मिलेगा और संक्रमण के फैलने का खतरा भी कम रहेगा।
आपको बता दें कि 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों का वैक्सीनेशन अभियान पूरे जिले के पीएचसी व सीएससी सेंटरों पर किया जा रहा था। जबकि मोरनी में इसकी शुरुआत नहीं की जा रही थी। अमर उजाला ने इलाके के लोगों की इस समस्या को 10 मई के अपने अंक में प्रकाशित किया था। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने इलाके के लोगों के लिए स्पेशल ड्राइव चलाकर मैनुअल रजिस्ट्रेशन करने का कार्य शुरू कर दिया है। इस अभियान के शुरू होने से जनता ने राहत की सांस ली।
हजारों लोगों को मिली राहत
जहां ऑनलाइन आवेदन करने में समस्या का सामना करना पड़ रहा था। वहीं, अब मैनुअल रजिस्ट्रेशन होने से जनता को राहत मिली है। आसानी से गांव-गांव में बड़ी संख्या में वैक्सीनेशन का कार्यक्रम चल रहा है। इससे हजारों लोगों को राहत मिली है।
-अमित परमार, गांव टिकरी
ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन थी बाधा
स्लो इंटरनेट ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन में बाधा बना हुआ था। 18 से 44 आयु वर्ग के लोगों में वैक्सीनेशन लगने की शुरुआत होने के बाद से ही इलाके के लोग रजिस्ट्रेशन करने में असक्षम थे। अब गांव-गांव जाकर वैक्सीनेशन करने के लिए गए फैसले से 5000 लोगों को फायदा होगा।
-कमल किशोर
बाहरी लोगों का बढ़ गया था आना आना
ऑनलाइन आवेदन के बाद वैक्सीन लगने के कारण इलाके में बाहरी लोगों का आना जाना बढ़ गया था। लोग रजिस्ट्रेशन करवाते समय जान बूझकर मोरनी हिल्स स्टेशन को चुनाव किया करते थे। स्पेशल ड्राइव से संक्रमण खतरा टला और दुर्गम गांवों में रहने वाले लोगों को राहत मिली।
-ओम्मी, गांव टिकरी
आर्थिक लाभ के साथ समय की होगी बचत
स्वास्थ्य विभाग के इस अभियान से जहां नियमों का पालन हो सकेगा। वहीं, लोगों को आर्थिक लाभ के साथ समय की बचत भी होगी। स्वास्थ्य केंद्र तक आने-जाने की जहमत लोगों को उठानी पड़नी थी वहीं, अब स्टाफ ही जाकर वैक्सीन लगाने का कार्य कर रहा है।
- पूनम ठाकुर