अमर उजाला ब्यूरो
चंडीगढ़। स्थानीय निकाय मंत्री डॉ. रवजोत सिंह ने रविवार को बताया कि नगर निगम लुधियाना दूषित पानी के मामलों को काफी हद तक कम करने में सफल रहा है। दूषित पानी संबंधी शिकायतें वर्ष 2022-23 में 608 से घटकर 2025 में 318 रह गई हैं।
इन सभी का स्थायी समाधान कर दिया गया है। डॉ. रवजोत सिंह ने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ और सुरक्षित पेयजल उपलब्ध कराना स्थानीय निकाय विभाग की शीर्ष प्राथमिकता है। वर्ष 2024 में 12.6 किलोमीटर नई सप्लाई लाइनें डाली गई थीं, जबकि 2025 में पुरानी और खराब पाइप लाइनों को बदलकर 20 किलोमीटर से अधिक नई जल आपूर्ति लाइनें बिछाई गई हैं।
कैबिनेट मंत्री ने बताया कि ढंडारी खुर्द, जमालपुर अवाना, ईसा नगरी, शेरपुर खुर्द, शांति नगर, टैगोर नगर, जवद्दी, सुनेत, पंजाबी बाग, करमसर कॉलोनी, खुड्ड मोहल्ला, सेखेवाल, जैन कॉलोनी, मयापुरी, मोहर सिंह नगर, ढंडारी कलां, दुग्गरी फेज-2 और विकास नगर सहित अन्य इलाकों में बड़े पैमाने पर सुधार कार्य किए गए हैं।