फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पंचकूला: मसाज करना पड़ा भारी, 38 साल की महिला को हुआ कोरोना, जिले में धारा-144 लागू

Sun, 22 Mar 2020 02:27 PM IST
पंचकुला ब्‍यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, पंचकूला (हरियाणा)
विज्ञापन
कोरोना वायरस - फोटो : ANI
विज्ञापन

खड़क मंगोली की एक 38 साल की महिला भी कोरोना वायरस का शिकार हो गई है। इसकी पुष्टि पीजीआई की रिपोर्ट में हुई है। इस महिला ने चंडीगढ़ सेक्टर-21 में लंदन से आई कोरोना पॉजिटिव लड़की की मसाज की थी। इस कारण वह वायरस के गिरफ्त में है। उसका इलाज किया जा रहा है। वहीं कोरोना का मरीज पंचकूला में पॉजिटिव आने के बाद शहर के आइसोलेशन और ओपीडी पैरा-मेडिकल स्टाफ में डर साफ तौर पर नजर आया।

विज्ञापन


इस बारे में डॉ. राजीव नरवाल, जिला नोडल अधिकारी, पंचकूला स्वास्थ्य विभाग ने कहा कि अभी तक एक महिला में कोरोना की पुष्टि हुई है। स्पेशल फ्लू वार्ड में आने वाले लोगों के सैंपल लिए जा रहे हैं। हमारी ओर से शहर में सभी जगह को सैनिटाइज किया जा रहा है। स्वास्थ्य विभाग की ओर से पूरी एहतियात बरती जा रही है।

रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पूरे परिवार के सैंपल लिए
रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद शनिवार को इस महिला के परिवार में रहने वाले सभी सदस्यों को अस्पताल में भर्ती करवा दिया है। सभी के सैंपल लिए गए हैं। महिला के परिवार में उसका पति, दो बेटे और एक बेटी है। पति कालाअंब में काम करता है। छोटा बेटा डीजे ऑपरेटर है।
विज्ञापन


बड़ा बेटा निजी कंपनी में काम करता है और बेटी चंडीगढ़ में कोठी में काम करती थी। हालांकि परिवार के अभी किसी व्यक्ति में कोरोना का संक्रमण नहीं है। महिला को आइसोलेशन वार्ड में रखा गया है। डॉक्टरों ने बताया कि महिला अब तक आठ से ज्यादा लोगों की मसाज कर चुुकी है। टीम उन सभी का सैंपल लेने का प्रयास कर रही है। डॉक्टरों की टीम सारा रिक\र्ड खंगालने में जुटी हुई है।

खड़क मंगोली से बाहर नहीं निकलने दिया जा रहा

कोरोना वायरस का एक केस पॉजिटिव आने के बाद खड़क मंगोली पर स्वास्थ्य विभाग की टीम नजर रख रही है। लोगों के सैंपल लेने के बाद किसी को बाहर नहीं निकलने दिया गया है। इसके लिए पुलिस की टीम पूरे खड़क मंगोली और ओल्ड पंचकूला में लगाई है। डॉक्टरों की टीम छह से अधिक लोगों का सैंपल ले चुकी है। सैंपल लेने के साथ ही लोगों को घर से नहीं निकलने की अपील की है। वहीं लोगों को सामान खरीदने के लिए भी बाहर नहीं जाने दिया जा रहा है। इस तरह के हालात में लोगों में खौफ भी बना हुआ है।

अस्पताल की एंबुलेंस और ओपीडी में दिनभर चला सैनिटाइजेशन का काम
कोरोना वायरस का खौफ मरीजों पर साफ तौर पर दिखा। अस्पताल की सभी ओपीडी में इलाज कराने के लिए बहुत कम मरीज आए। लोगों में भय व्याप्त होने के कारण अस्पताल में दिनभर सैनिटाइजिंग का काम किया गया है। सैनिटाइजिंग ओपीडी में लगातार की जा रही है। शहर के हर क्षेत्रों में सेनेटाइजिंग की जा रही है।

लोगों को कोरोना की अफवाह फैलने से बचाया जा रहा है। वहीं इमरजेंसी में हर घंटे सैनिटाइजिंग का काम किया जा रहा है। इमरजेंसी इंचार्ज अमरजीत सिंह ने बताया कि एहतियातन सभी एंबुलेंस को भी सैनिटाइज किया जा रहा है। मरीजों का खासतौर पर ध्यान रखा जा रहा है। सभी को साबुन से हाथ धोने के अलावा मास्क भी दिए गए हैं।

सांस में तकलीफ होने पर पहुंच रहे मरीज
मौसम खराब होने के बाद सांस लेने में तकलीफ होने वाले पेशेंट इलाज कराने के लिए पहुंच रहे हैं। इसके लिए स्पेशल फ्लू वार्ड बनाया गया है। बाहर से आने वाले पेशेंट के सैंपल लेने के बाद लोकल मरीजों की जांच की गई है। अभी तक करीब दो सौ से अधिक पेशेंट इलाज कराने के लिए पहुंच रहे हैं।

पंचकूला में धारा-144 लागू 

डीसीपी मोहित हांडा ने कोरोना वायरस के फैलाव से बचाव और जन साधारण के स्वास्थ्य के हित को ध्यान में रखते हुए जिले में धारा 144 लागू करने के आदेश जारी किए हैं। लोगों को एक जगह पर इकट्ठा होने से मना किया गया है। किसी भी सार्वजनिक स्थल पर बीस या बीस से अधिक व्यक्तियों के इकट्ठा होने पर पूर्ण पाबंदी रहेगी। 

आदेशों का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति पर आईपीसी की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। यह आदेश पुलिस विभाग, स्वास्थ्य व अन्य आवश्यक आपातकालीन सेवाओं में लगे कर्मचारियों/अधिकारियों पर लागू नहीं होंगे।

होम क्वारंटीन: उल्लंघन करने पर होगी कानूनी कार्रवाई 
पुलिस उपायुक्त ने बताया कि कोरोना वायरस (कोविड-19) के संबंध में होम क्वारंटीन के आदेशों की सख्ती से पालन करें। क्वारंटीन के आदेशों की पालना नहीं करने और आइसोलेशन वार्ड में नहीं रुकने वालों के खिलाफ आईपीसी और महामारी अधिनियम की अन्य धाराओं के तहत कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन

जिले में शॉपिंग मॉल, अहाते व ब्यूटी पार्लर बंद करने के आदेश

पंचकूला में कोरोना वायरस को ध्यान में रखते हुए डीसी मुकेश कुमार आहूजा ने ढाबे, शराब के अहाते, ब्यूटी पार्लर, मसाज सेंटर, सैलून की दुकानें बंद करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी शॉपिंग मॉल, कोचिंग सेंटर, चौपाल, ग्राम सचिवालय, व्यायामशालाएं आदि भी अगले आदेश तक बंद रहेंगे। 

नगर निगम के क्षेत्रों में निगम द्वारा व ग्रामीण क्षेत्रों के स्कूलों में जनता कर्फ्यू के दौरान सुबह 7 बजे घंटी बजाई जाएगी। इसके अलावा निगम द्वारा शहरी क्षेत्रों में व ग्रामीण क्षेत्रों के सार्वजनिक स्थलों को सैनिटाइज किया जाएगा। जिले में सभी निर्माण कार्य भी तुरंत प्रभाव से बंद करने के आदेश दिए गए हैं व शराब के ठेकों की नियमित मॉनिटंरिंग की जाएगी। 

इस अवसर पर पुलिस आयुक्त सौरभ सिंह, पुलिस उपायुक्त मोहित हांडा, नगराधीश सुशील कुमार, सिविज सर्जन डॉ. जसजीत सिंह कौर, डिप्टी सिविल सर्जन एवंनोडल आफिसर डॉ. राजीव नरवाल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें