राजेश कालिया के समर्थन में आया वाल्मीकि समाज
चंडीगढ़। भाजपा के मेयर पद के उम्मीदवार राजेश कालिया के समर्थन में अब वाल्मीकि समाज के लोग खुलकर सामने आ गए हैं। चंडीगढ़ वाल्मीकि समाज, धानुक समाज, अंबेडकर वेलफेयर काउंसिल और राष्ट्रीय वाल्मीकि धर्म समाज (रावाधस) ने कहा है कि समाज के लोगों को गुमराह कर कुछ लोग समाज विरोधी हरकतें कर रहे हैं। ऐसे लोगों को मुंहतोड़ जवाब देने के लिए मेयर उम्मीदवार राजेश कालिया का हम सभी समर्थन करते हैं।
बुधवार को इन संगठनों ने एक प्रेस कान्फ्रेंस कर राजेश कालिया को मेयर का उम्मीदवार बनाने पर भाजपा को धन्यवाद दिया। पदाधिकारियों ने कहा कि पहली बार कोई पार्टी हमारे समाज को आगे लाकर खड़ा करने का साहस दिखाया है। इस मौके पर प्रेसिडेंट शांति, कृष्ण चंद चड्ढा, लक्ष्मण कालरा, शाम लाल गावरी, रावाधस के अध्यक्ष वीर दिलबाग टांक, चंद्र पाल अनार्य, लव कुमार, ओम प्रकाश सैनी, गीता राम सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।