पंचकूला। 10वीं का सैंपल पेपर ऑनलाइन सर्च करने के दौरान 31 हजार रुपये ठगने का मामला प्रकाश में आया है। सेक्टर-5 पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सेक्टर-21 निवासी विकास राव ने पुलिस को बताया कि वह अपने बच्चे के लिए दसवीं का सैंपल पेपर ऑनलाइन सर्च कर रहा था। सर्च के दौरान उनको मल्होत्रा बुक स्टोर के नाम से एक किताब की दुकान और मोबाइल नंबर मिला। पीड़ित ने उक्त नंबर पर कॉल कर सैंपल पेपर की जानकारी ली।
आरोपी ने सैंपल पेपर बुक की होम डिलीवरी की बात कही। इसके लिए एक हजार रुपये पेटीएम करने की मांग की। आरोपी के कहे मुताबिक पीड़ित ने एक हजार रुपया पेटीएम किया। आरोपी ने इसके बाद ऑनलाइन बिलिंग जनरेट करने के लिए पीड़ित के पेटीएम का इस्तेमाल करने की बात कही और उस दौरान करीब 20 हजार रुपये निकाल लिए। इस पर नाराजगी जाहिर कर पीड़ित ने पैसा वापस करने को कहा। पैसा वापस करने के नाम पर तीसरी बार पीड़ित के बैंक खाते से 10 हजार रुपये निकाल लिए। इसके बाद पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस में दी।