पीडि़त की शिकायत पर चंडीमंदिर थाने में मामला दर्ज संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। कनाडा की पीआर दिलाने का झांसा देकर 26 लाख रुपये ठगने का मामला सामने आया है। पीडि़त की शिकायत पर चंडीमंदिर थाना में कई लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने सेक्टर-26 निवासी अंकित गौड़ की शिकायत पर कैलाश सेठी, गुरप्रीत सिंह और उनके कर्मचारी राखी गिल, रुद्रार और हेमंत के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस से मिली जानकारी के अुनसार शिकायतकर्ता ने वर्ष 2023 में कनाडा जाने की योजना बना रहे थे। शिकायतकर्ता को जुलाई 2023 में आरोपी के कार्यालय से फोन आया, उन्होंने शिकायतकर्ता को बताया कि वे कनाडा की पीआरशिप दिलाते हैं। आरोपियों ने उन्हें अपने जाल में फंसा लिया। इसके बाद शिकायतकर्ता पिता और पत्नी के साथ आरोपियों के कार्यालय मेंं पहुंचे। आरोपियों ने उन्हें बताया कि 3-4 महीने में कनाडा में वर्क परमिट और स्थायी निवास प्राप्त करवा देंगे। इसके लिए आरोपियों ने उनसे 35 लाख रुपये की राशि की मांग की।
30 लाख रुपये में कनाडा की पीआर की बात तय हुई
शिकायतकर्ता ने आरोपियों से कहा कि यह राशि बहुत अधिक है, जिस पर आरोपियों से बातचीत करके 30 लाख रुपये में कनाडा की पीआर दिलाने की बात तय हुई। शिकायतकर्ता ने अलग अलग किस्त में पैसे और अपने दस्तावेज दिए। उन्होंने आरोपियों को कुल 26 लाख 77 हजार रुपये की राशि का भुगतान किया है। अगले 4 से 5 महीने शिकायतकर्ता वीजा प्रक्रिया की प्रतीक्षा करते रहे। जनवरी 2024 के अंत में शिकायतकर्ता वीजा की प्रतीक्षा करने के बाद आरोपियों के कार्यालय में पहुंचे। वहां, उन्हें बताया गया कि उनकी फाइल नई दिल्ली कार्यालय को भेज दी गई है, जो फाइल की जांच करेगा और वीजा साक्षात्कार करेगा।
शिकायतकर्ता ने और पैसे देने से मना कर दिया
फरवरी में शिकायतकर्ता ने दोबारा से आरोपियों से संपर्क करने की कोशिश की तो शिकायतकर्ता को आश्वासन दिया कि वह अनावश्यक रूप से घबरा रहा है और इन चीजों में समय लगता है। इसके बाद शिकायतकर्ता को अंतिम किस्त देने से मना कर दिया और मांग की कि उसके पैसे तुरंत लौटाए जाएं। यह सुनते ही आरोपी आक्रामक हो गए और कहा कि अपने पैसे और दस्तावेजों भूल जाओ, कनाडा इमिग्रेशन के बारे में भूल जाओ और अगर आप अपनी जान की कीमत समझते हैं तो किसी भी आरोपी व्यक्ति से संपर्क करने की कोशिश करना बंद कर दो। इसके बाद पुलिस में शिकायत दी गई।