साइबर सेल की कार्रवाई, तीन साल पहले खोया फोन भी मालिक को मिला वापस
संवाद न्यूज एजेंसी
पंचकूला। साइबर सेल ने महज 10 दिनों में 25 गुमशुदा मोबाइल फोन बरामद कर उनके असली मालिकों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों में तीन साल पहले खोया एक फोन भी शामिल है। इस साल अब तक पुलिस 120 गुमशुदा मोबाइल लोगों को वापस दिला चुकी है।
पुलिस आयुक्त पंकज नैन के नेतृत्व में साइबर सेल ने आधुनिक तकनीक और सीईआईआर पोर्टल की मदद से मोबाइल फोन ट्रेस किए। डीसीपी अदिति सिंह के निर्देश पर चलाए गए अभियान के दौरान 25 मोबाइल बरामद किए गए, जिनमें से 10 मोबाइल उत्तर प्रदेश से ट्रेस किए गए।
एसीपी विक्रम नेहरा ने वीरवार को बरामद मोबाइल उनके मालिकों को सौंपे। मोबाइल वापस मिलने पर लोगों ने पुलिस की कार्रवाई की सराहना की।
मोबाइल प्राप्त करने वाले एक व्यक्ति ने बताया कि उसका फोन करीब तीन वर्ष पहले गुम हो गया था और उसे वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी। वहीं, दूसरे व्यक्ति का 15 दिन पहले खोया मोबाइल भी पुलिस ने बरामद कर लौटा दिया।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि गुमशुदा मोबाइलों की बरामदगी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।